क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के ICC के फैसले पर आया बांग्लादेश का रिएक्शन, कहा – इससे ज्यादा हम…

आईसीसी के मैच स्थानांतरित नहीं करने के फैसले के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया और टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया। इसके बाद आईसीसी ने स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।
2 min read
Jan 25, 2026
T20 world cup 2026
ICC ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया है (Photo - IANS)

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया है। आईसीसी ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। इस फैसले के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें बोर्ड ने आईसीसी के निर्णय को स्वीकार करते हुए अपनी मजबूरी जाहिर की है।

BCB के पास इससे ज़्यादा कोई विकल्प नहीं था

बीसीबी ने साफ तौर पर कहा है कि मौजूदा हालात में उसके पास इससे ज़्यादा कोई विकल्प नहीं था। दरअसल, बांग्लादेश ने तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से रिलीज किए जाने के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने ग्रुप-स्टेज के मुकाबले भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की थी। इसके साथ ही बांग्लादेश ने आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन आईसीसी ने इन दोनों ही सुझावों को खारिज कर दिया।

बंगालदेश ने भारत में खेलने से मना कर दिया

आईसीसी के इनकार के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप के अपने मैच भारत में खेलने से मना कर दिया और अंततः टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया। इसके बाद आईसीसी ने स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।

अमजद हुसैन ने प्रतिक्रिया दी

बीसीबी की मीडिया समिति के अध्यक्ष अमजद हुसैन ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बोर्ड को पहले से अंदेशा था कि आईसीसी उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन हमें पता था कि आईसीसी न तो हमारी मांग मानेगा और न ही ऐसा करना चाहेगा। इसके बावजूद हमने हर संभव प्रयास किया।”

हमने आईसीसी के फैसले को स्वीकार कर लिया

हुसैन ने आगे कहा, “हम आईसीसी बोर्ड के फैसले का सम्मान करते हैं। बोर्ड ने बहुमत से यह निर्णय लिया है कि हमारे मैचों का स्थान बदला नहीं जाएगा। इसके बाद भी हमने अपील की, लेकिन जब आईसीसी ने साफ कर दिया कि मैच श्रीलंका में स्थानांतरित नहीं किए जा सकते, तो हमारे पास और कोई विकल्प नहीं बचा। इसलिए हमने आईसीसी के फैसले को स्वीकार कर लिया है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बांग्लादेश इस मुद्दे पर किसी वैकल्पिक मध्यस्थता या अन्य प्रक्रिया में शामिल नहीं होगा। हुसैन के मुताबिक, “हमने इस मामले में अपनी सरकार से बातचीत की थी। सरकार का स्पष्ट कहना था कि विश्व कप खेलने के लिए भारत जाना हमारे खिलाड़ियों, पत्रकारों और टीम के साथ जाने वाले अन्य लोगों के लिए सुरक्षित नहीं होगा। इसी वजह से हमने मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया था।”

अमजद हुसैन ने बताया कि कई दौर की बैठकों के बावजूद आईसीसी इस मांग पर सहमत नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “चूंकि यह सरकार का फैसला है और आईसीसी की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला, इसलिए इस स्थिति में हम इससे आगे कुछ नहीं कर सकते थे।”

आईसीसी के इस फैसले के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश का सफर आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया है, जबकि स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिल गया है।

Updated on:
25 Jan 2026 10:28 am
Published on:
25 Jan 2026 10:27 am
Also Read
View All
IND vs ZIM: वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे में शानदार प्रदर्शन का खोला राज़, बताया हर मैच से पहले करते हैं ये काम

Mirabai Chanu Struggle Story: आर्थिक तंगी के चलते चुनती थीं लकड़ियां, ऐसे वेटलिफ्टर बनी मीराबाई चानू, संघर्ष की कहानी ऐसी कि आंखों में आ जाएंगे आंसू

IND vs ZIM: बेकार गई रयान बर्ल की अर्धशतकीय पारी, भारत ने जिम्बाब्वे को 35 रनों से हराया, 3-0 से किया क्लीन स्वीप

अब्दुल्ला फजल वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे से बाहर, पीसीबी ने अब्दुल्ला शफीक और सऊद शकील को टीम में दी जगह

IND vs ZIM: सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने के बावजूद प्रिंस यादव नहीं खेल पाये आखिरी टी20, अब सामने आई यह वजह