
Asian Games 2026, PAK vs BAN Semifinal 1: एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट का चौथा क्वार्टर फाइनल भी बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया है, जिससे मलेशिया का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है, तो वहीं बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब उसका सामना पाकिस्तान से होगा। ये एशियन गेम्स में लगातार छठा मुकाबला था, जो बारिश की वजह से रद्द हो गया। इससे पहले ग्रुप स्टेज में जापान-नेपाल और मलेशिया-ओमान का मैच रद्द हो गया था। उसके बाद पाकिस्तान-हांगकांग, भारत-अफगानिस्तान, श्रीलंका नेपाल और बांग्लादेश-मलेशिया के मैच भी बारिश की वजह से रद्द हो गए।
दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम की टक्कर श्रीलंका से होगी। हैरान करने वाली बात यह है कि भारत और श्रीलंका के भी क्वार्टर फाइनल मुकाबले रद्द हो गए थे, जिसकी वजह से दोनों रैंकिंग में ऊपर होने की वजह से अगले दौर में पहुंच गईं, जबकि नेपाल और अफगानिस्तान की टीमें बाहर हो गईं। सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जबकि गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मैच 3 अक्टूबर को होगा।
एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में दो क्वार्टर फाइनल होने थे। पहला क्वार्टर फाइनल पाकिस्तान और हांगकांग के बीच होना था और दूसरा क्वार्टर फाइनल भारत और अफगानिस्तान के बीच होना था। दोनों ही मैच बारिश की भेंट चढ़ गए और बिना टॉस के ही रद्द कर दिए गए। पहले क्वार्टर फाइनल से पाकिस्तान और दूसरे क्वार्टर फाइनल से भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मंगलवार को इवेंट के तीसरे और चौथे क्वार्टर फाइनल कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही खेले जाने थे। तीसरा क्वार्टर फाइनल श्रीलंका और नेपाल के बीच होना था, जबकि चौथा क्वार्टर फाइनल बांग्लादेश और मलेशिया के बीच होना था। ये दोनों ही क्वार्टर फाइनल भी बारिश की वजह से बिना टॉस के रद्द कर दिए गए। तीसरे क्वार्टर फाइनल से श्रीलंका और चौथे क्वार्टर फाइनल से बांग्लादेश को सेमीफाइनल में भेजा गया है।
दोनों मैच निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होने हैं। क्वार्टर फाइनल फेज के पूरी तरह बारिश से धुल जाने के बाद सेमीफाइनल को लेकर टीमों, आयोजकों और क्रिकेट फैंस के मन में चिंता बनी हुई है। क्वार्टर फाइनल की तरह अगर सेमीफाइनल भी बारिश की वजह से धुला तो बेहद चिंताजनक होगा। फाइनल और तीसरे स्थान के लिए भी मैच निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही खेले जाने हैं।