WTC Points Table Update: पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश ने इतिहास तो रचा ही, साथ ही अंक तालिका में भी उसे पछाड़ दिया और अब टीम इंडिया पर भी टॉप 5 से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।
Team India in WTC 2025-27 Points Table: मंगलवार को बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट मुकाबले में 104 रन से हराकर इतिहास रच दिया। यह पहला मौका था जब बांग्लादेश ने रेड-बॉल क्रिकेट में पाकिस्तान को हराया है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 413 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 386 रन पर सिमट गई। इसके बाद बांग्लादेश ने 9 विकेट पर 240 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी, जिससे पाकिस्तान को जीत के लिए 268 रन का लक्ष्य मिला।
हालांकि, दूसरी पारी में पाकिस्तान की टीम 200 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी और 163 रन पर ढेर हो गई। इस तरह बांग्लादेश ने मुकाबला 104 रन से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ बांग्लादेश की टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि पाकिस्तान को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह सातवें स्थान पर खिसक गया है। बांग्लादेश का जीत प्रतिशत 44.44 हो गया है, जबकि पाकिस्तान का प्रतिशत 33.33 रह गया है।
सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 मई से सिलहट में खेला जाएगा, जहां पाकिस्तान को कम से कम ड्रॉ खेलना होगा। अगर ऐसा होता है तो भारतीय टीम अपने स्थान पर बनी रहेगी। अगर पाकिस्तान की टीम दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को हरा देती है, तो पाकिस्तान आगे निकल जाएगी। फिलहाल भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम इंडिया ने 9 मैचों में से 4 जीते हैं, 4 हारे हैं, जबकि 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। इसी वजह से उसके पास 52 अंक हैं और जीत प्रतिशत 48.15 है।
अगर बांग्लादेश दूसरे टेस्ट मुकाबले में भी पाकिस्तान को हरा देता है, तो उसका जीत प्रतिशत 58.33 हो जाएगा और वह पांचवें स्थान पर पहुंच जाएगी। ऐसे में भारतीय टीम छठे स्थान पर खिसक जाएगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान को भी नुकसान होगा और वह आठवें स्थान पर पहुंच जाएगा, जहां उसका जीत प्रतिशत 25 रह जाएगा। हालांकि, अगर पाकिस्तान दूसरा टेस्ट जीत लेता है, तो उसका जीत प्रतिशत 50 हो जाएगा और वह भारतीय टीम से आगे निकल जाएगा। वहीं, अगर दूसरा टेस्ट ड्रॉ होता है, तो भारतीय टीम को फायदा मिलेगा। उस स्थिति में बांग्लादेश छठे और पाकिस्तान सातवें स्थान पर बना रहेगा। बांग्लादेश का जीत प्रतिशत 41.67 और पाकिस्तान का 33.5 हो जाएगा।