क्रिकेट

2027 वनडे वर्ल्डकप और 2028 टी20 वर्ल्डकप तक नहीं बदलेगा कप्तान, BCB ने किया बड़ा ऐलान

BCB के चेयरमैन नजमुल आबेदीन ने बताया है कि वह दोनों फॉर्मेट के कप्तानों को अगले वर्ल्डकप तक टीम बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा समय देना चाहते हैं।
2 min read
Apr 05, 2026
T20 World Cup Winners Captains
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला गत चैम्पियन भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा (Photo - IANS)

आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम मेहदी हसन मिराज की कप्तानी में खेलती नजर आएगी, जबकि 2028 का टी20 वर्ल्ड कप लिटन दास की कप्तानी में खेला जाएगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने दोनों फॉर्मेट के वर्ल्ड कप तक कप्तानी में किसी भी तरह का बदलाव न करने का फैसला किया है और इसके पीछे की वजह भी साफ की है।

कौन कौन होगा कप्तान?

आपको बता दें कि लिटन दास को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले कप्तान बनाया गया था, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका ने मिलकर की थी। हालांकि, बांग्लादेश टीम ने टूर्नामेंट के दौरान सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए फिक्स्चर में बदलाव की मांग की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इसे स्वीकार नहीं किया। जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपनी मांग पर अड़ा रहा, तो आईसीसी ने उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को मौका दे दिया।

दूसरी ओर, पिछले साल मेहदी हसन मिराज को वनडे टीम का कप्तान बनाया गया था और उनकी कप्तानी में बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हराया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजमुल हसन ने बताया कि दोनों फॉर्मेट के कप्तानों को पर्याप्त समय दिया जाएगा, ताकि वे अगले वर्ल्ड कप तक अपनी टीम को मजबूत और तैयार कर सकें। इसका मतलब साफ है कि कप्तान और उपकप्तान दोनों ही वर्ल्ड कप तक अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

वर्ल्ड कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने एक और अहम फैसला लिया है। मोहम्मद रफीक को स्पिन बॉलिंग कंसल्टेंट के तौर पर एक साल के लिए टीम के साथ जोड़ा गया है। आपको बता दें कि रफीक ने साल 2008 में संन्यास लिया था और यह पहली बार होगा जब वह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ किसी आधिकारिक भूमिका में काम करेंगे।

आपको बता दें कि दोनों ही फॉर्मेट में बांग्लादेश खिताब नहीं जीत पाई है। हालांकि टीम ने कई बार बड़ी टीमों को हराकर उलटफेर किया है लेकिन अब तक वह खिताब का इंतजार कर रहे हैं। 2027 में वनडे वर्ल्डकप खेला जाएगा, जिसे नामीबिया, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे मिलकर होस्ट करेंगे, तो 2028 के टी20 वर्ल्डकप की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीम मिलकर करेंगी।

Updated on:
05 Apr 2026 06:11 pm
Published on:
05 Apr 2026 06:11 pm