
नई दिल्ली। दक्षिण अफ़्रीकी दौरा जीत कर लौटी भारतीय महिला टीम अब अपने ही घर में ऑस्ट्रेलिया से वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी। आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाली वनडे सीरीज के लिए मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। बीसीसीआई की अखिल भारतीय महिला चयन समिति ने एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए इसकी जानकारी दी।
महिला चैंपियनशिप का हिस्सा होगी सीरीज
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, "आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की यह सीरीज वडोदरा में खेली जाएगी। यह सीरीज आईसीसी महिला चैम्पियनशिप 2017-2020 का हिस्सा है।" बोर्ड ने कहा कि इस सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच टी-20 सीरीज भी खेली जाएगी। इसके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच 12 मार्च को खेला जाएगा। इसके बाद, दूसरा मैच 15 मार्च को और तीसरा मैच भारत और आस्ट्रेलिया के बीच 18 मार्च को खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका को टी20 और वनडे दोनों में रौंदा
बता दें इससे पहले भारतीय महिला टीम दक्षिण अफ़्रीकी दौरे पर गई थी जहां दोनों ने तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली थी। भारत ने वनडे सीरीज 2-1 से तो टी20 सीरीज 3-1 से अपने नाम की थी। भारत की स्मृति मंधना को वनडे सीरीज में मैन ऑफ दा सीरीज चुना गया था वहीँ टी20 सीरीज में मितली राज को।
भारतीय महिला टीम : मिताली राज (कप्तान), हरमनप्रीत कौर (उप-कप्तान), स्मृति मंधाना, पूनम राउत, जेमिमाह रोड्रिगेज, वेदा कृष्णामूर्ति, मोना मेशराम, सुषमा वर्मा (विकेटकीपर), एकता बिष्ट, पूनम यादव, राजेश्वरी गायकवाड, शिखा पांडे, सुकन्या परिदा, पूजा वास्त्राकार और दीप्ति शर्मा।