
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों के नए कॉन्ट्रेक्ट सिस्टम का ऐलान कर दिया है। नए कांट्रेक्ट के अनुसार खिलाड़ियों के वेतन में तीन गुने से भी ज्यादा की बढ़ोत्तरी की गई है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए अब चार ग्रेड बनाए गए है। A+ नाम से एक नए ग्रेड को बढ़ाया गया है। इस ग्रेड में शामिल क्रिकेटरों को सलाना 7 करोड़ की रकम मिलेगी। बता दें कि पूरी दुनिया में क्रिकेट खिलाड़ियों के वेतन बढ़ोतरी के बाद भारतीय क्रिकेटरों ने भी वेतन बढ़ोतरी की मांग की थी। जिसके बाद बोर्ड अधिकारियों और खिलाड़ियों के बीच लंबी बातचीत की गई। बता दें कि इससे पहले जो करार था उसमें तीन ग्रेड थे। A ग्रेड वाले को दो करोड़, B ग्रेड वाले को एक करोड़ रुपए और C ग्रेड वाले को 50 लाख रुपये मिलते थे।
इन पांच खिलाड़ियों को मिलेगा 7 करोड़-
नए कांट्रेक्ट के अनुसार A+ नाम से एक नए ग्रेड की घोषणा की गई है। इसमें पांच शीर्ष खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। खास बात ये है कि इसमें शामिल पांचों क्रिकेटर टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों प्रारूपों में खेलते हैं। इसमें शामिल क्रिकेटर हैं - विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन , भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह।
धोनी को दिया झटका -
बोर्ड के नए कांट्रेक्ट में माही को झटका मिला है। उन्हें A+ ग्रेड में शामिल नहीं किया गया है। धोनी समेत सात खिलाड़ी A ग्रेड में शामिल हैं। इन सबको सालाना पांच करोड़ रुपये मिलेंगे। इस ग्रेड में आर अश्विन, आर जडेजा, मुरली विजय , चेतेश्वर पुजारा , अजिंक्य रहाणे, ऋद्धिमान साहा और एमएस धोनी शामिल हैं।
ग्रेड B में इन खिलाड़ियों को मिली जगह -
इसके बाद ग्रेड बी है। इस ग्रेड में भी सात खिलाड़ी शामिल है। इन सबको सलाना तीन करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसमें लोकेश राहुल, उमेश यादव, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, हार्दिक पांड्या, ईशांत शर्मा, दिनेश कार्तिक के नाम हैं। जबिक अंतिम ग्रेड C है। इसमें शामिल खिलाड़ियों को सालाना एक करोड़ रुपये मिलेंगे। इनमें केदार जाधव, मनीष पांडेय, अक्षर पटेल, करुण नायर, सुरेश रैना , पार्थिव पटेल और जयंत यादव शामिल हैं।
महिला क्रिकेटरों की भी चांदी -
पुरुष क्रिकेटरों के साथ-साथ महिला क्रिकेटरों को भी नए कांट्रेक्ट से खासा लाभ हुआ है। महिला क्रिकेटरों को तीन ग्रेड में बांटा गया है। A ग्रेड को 50 लाख रुपये सालाना, B ग्रेड को 30 लाख रुपये और C ग्रेड में शामिल महिला खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये सालाना दिए जाएंगे। महिला क्रिकेटरों में चार खिलाड़ियों को टॉप ग्रेड में रखा गया है जिसमें कप्तान मिताली राज, हरमनप्रीत कौर, झूलन गोस्वामी और स्मृति मंदाना शामिल हैं।