Ben Duckett faces 2 year ban: बेन डकेट को आईपीएल छोड़ना काफी भारी पड़ सकता है। IPL 2026 का आगाज होने से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स का साथ छोड़ने के लिए बीसीसीआई अब उन पर दो साल का बैन लगा सकता है।
Ben Duckett faces 2 year ban: बेन डकेट को आईपीएल छोड़ना काफी भारी पड़ सकता है। इस हरकत के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड उन्हें दो साल के लिए बैन कर सकता है। डकेट ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को बीच मझधार में छोड़ दिया है। इंग्लैंड के इस बाएं हाथ के ओपनर को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) की नीलामी में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो इस टूर्नामेंट में उनका पहला मौका था। हालांकि, अपने व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक की तरह ही डकेट ने भी आईपीएल से अपना नाम वापस ले लिया है।
बता दें कि डकेट इंग्लैंड टीम के लिए सभी फॉर्मेट में खेलने वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन T20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें मौका नहीं मिला और एशेज 2025-26 में उनका औसत सिर्फ 20.20 रहा, जिसमें उन्होंने 10 पारियों में 221 रन बनाए। सभी फॉर्मेट में अपनी जगह खोने के डर से उन्होंने आईपीएल 2026 से हटने और उसकी जगह काउंटी चैंपियनशिप खेलने का फैसला किया है।
बेन डकेट ने कहा कि यह एक बहुत मुश्किल फैसला था और मैं दिल्ली कैपिटल्स से माफी मांगना चाहता हूं कि मैं नहीं आ पाऊंगा। जब मैंने नीलामी में अपना नाम दिया था, तो मुझे लगा था कि यह एक शानदार मौका होगा और दिल्ली जैसी फ्रेंचाइजी द्वारा मुझे चुना जाना बहुत बढ़िया था। मैं बहुत उत्साहित था। यह दुनिया का सबसे अच्छा टूर्नामेंट है, जिसमें दुनिया के सबसे अच्छे खिलाड़ी खेलते हैं और यह एक शानदार अनुभव होता।
मुझे नहीं पता कि क्या मैं आईपीएल को हमेशा के लिए अलविदा कह रहा हूं, जबकि मैंने इसमें कभी खेला भी नहीं है। मेरी मौजूदा उम्र (31) को देखते हुए, यह मेरे लिए मुश्किल हो सकता है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि एक दिन मैं दिल्ली का प्रतिनिधित्व कर पाऊंगा। मैंने इस बारे में बहुत सोचा है और मुझे पता है कि यह मेरे करियर के लिए सही फैसला है।
डकेट पर अब आईपीएल में 2 सीजन का बैन लग जाएगा। बीसीसीआई के अनुसार, कोई भी विदेशी खिलाड़ी जो बिना किसी ठोस कारण के (जैसे चोट या अंतरराष्ट्रीय मैच की प्रतिबद्धता) लीग से अपना नाम वापस लेता है, तो उसे 2 साल के लिए लीग से बाहर कर दिया जाएगा। आईपीएल प्लेयर रेगुलेशंस 2025-27 में कहा गया है कि कोई भी खिलाड़ी जो प्लेयर ऑक्शन में रजिस्टर करता है और ऑक्शन में चुने जाने के बाद सीज़न शुरू होने से पहले खुद को अनुपलब्ध घोषित कर देता है, उसे 2 सीजन के लिए टूर्नामेंट और प्लेयर ऑक्शन में हिस्सा लेने से बैन कर दिया जाएगा।
इंग्लैंड और टेस्ट क्रिकेट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने के प्रयास में डकेट काउंटी चैंपियनशिप में नॉटिंघमशायर के लिए खेलेंगे। यह कुछ ऐसा ही है जो ब्रूक ने पिछले साल किया था, जब इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान के रूप में नामित होने से पहले उन्होंने आईपीएल से नाम वापस ले लिया था।