क्रिकेट

ENG vs NZ: बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन तीसरे टेस्ट के लिए वापसी को तैयार, टीम में हो सकते हैं फिर 5 बदलाव

Ben Stokes and Gus Atkinson set to return: नाइट क्लब की घटना के बाद बेन स्‍टोक्‍स और गस एटकिंसन दूसरे टेस्ट से बाहर कर अपनी-अपनी काउंटी के लिए खेलने की इजाजत दी गई थी। लेकिन, अब रिपोर्ट आ रही है कि इन दोनों की तीसरे टेस्‍ट के लिए टीम में वापसी होगी।

2 min read
Jun 21, 2026
Ben Stokes and Gus Atkinson set to return
इंग्‍लैंड टीम के टेस्‍ट कप्‍तान बेन स्‍टोक्‍स और गस एटकिंसन। (फोटो सोर्स: espncricinfo)

Ben Stokes and Gus Atkinson set to return: इंग्‍लैंड और न्‍यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों टेस्‍ट सीरीज अब 1-1 की बराबरी के साथ बेहद ही रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। सीरीज तीसरा और निर्णायक मुकाबला 25 जून से ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। इंग्लिश टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और सीमर गस एटकिंसन कीवी टीम के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए वापसी करने को तैयार हैं। उनके साथ ही आखिरी टेस्‍ट के लिए इंग्‍लैंड की टीम में वैसे ही पांच बदलाव हो सकते हैं, जैसे दूसरे टेस्‍ट से पहले हुए थे।

दरअसल, पहले टेस्ट में जीत के बाद टीम का प्रोटोकॉल तोड़ने के बाद बेन स्टोक्स और एटकिंसन द ओवल में चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। इसके पीछे की वजह से चेल्सी के एक नाइट क्लब में हुई घटना थी, जिसमें ईसीबी के एक सिक्योरिटी अधिकारी को चोट लग गई थी। द क्रिकेट रेगुलेटर और ईसीबी की जांच चलने तक दोनों को अपनी काउंटी टीमों के लिए खेलने की इजाजत दी गई थी।

सोमवार को घोषित होगी टीम

ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को चांच के परिणाम आने की उम्मीद है। दूसरे टेस्ट में ही पता चल गया था कि स्टोक्स की वापसी हो सकती है और कप्तान के तौर पर वह जो रूट की जगह लेंगे। तीसरे टेस्ट के लिए टीम की घोषणा भी सोमवार को की जाएगी और इंग्लैंड की टीम गुरुवार से शुरू होने से पहले मंगलवार से ट्रेंट ब्रिज में ट्रेनिंग सेशन करेगी।

काउंटी चैंपियनशिप से हुए बाहर

बता दें कि स्टोक्स ने शनिवार को काउंटी चैंपियनशिप में नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ डरहम के लिए बल्‍ले से 95 रन बनाए। वहीं, उन्होंने पहली पारी में 25 ओवर में 80 रन देकर 1 विकेट भी लिया। जबकि एटकिंसन ने सरे के लिए ग्लेमोर्गन के खिलाफ 61 रन देकर 4 विकेट चटकाए। दोनों को उनके मैच के तीसरे दिन से पहले बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह कॉलिन एकरमैन (स्टोक्स) और टॉम लॉज (एटकिंसन) को शामिल किया गया है।

जेमी स्मिथ और ओली रॉबिन्सन की भी होगी वापसी

इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट के लिए प्‍लेइंग इलेवन में पांच बदलाव किए थे, जिसमें जेमी स्मिथ (पेटरनिटी लीव) और ओली रॉबिन्सन (दाहिने घुटने की समस्या) शामिल थे। स्मिथ के विकेटकीपर के तौर पर लौटने और रॉबिन्सन के दूसरे टेस्ट के दौरान प्रैक्टिस विकेट पर फिट होने के साथ मेजबान टीम ट्रेंट ब्रिज टेस्‍ट में फिर से पांच बदलाव के साथ उतर सकती है।

Updated on:
21 Jun 2026 06:15 pm
Published on:
21 Jun 2026 05:42 pm