क्रिकेट

भुवनेश्वर कुमार की हो गई वापसी, अब मोहम्मद शमी के लिए खुल सकते हैं टीम इंडिया के दरवाजे

Mohammed Shami Comeback: भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी के बाद मोहम्मद शमी की वापसी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए शमी ने दिल्ली के खिलाफ 30 रन देकर चार विकेट चटकाए।
3 min read
• •
Oct 12, 2026
Mohammad Shami
मोहम्मद शमी (फोटो- IANS)

Mohammad Shami May Comeback in Team India Squad: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए जब भारतीय चयनकर्ताओं ने टीम का ऐलान किया, तो उसमें भुवनेश्वर कुमार का नाम शामिल था। भुवनेश्वर ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2022 में खेला था और उसके बाद से वह लगातार टीम इंडिया से बाहर रहे। उन्हें न तो टेस्ट में जगह मिली और न ही वनडे में। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अचानक उनकी टीम इंडिया में वापसी हो गई। इसके बाद से मोहम्मद शमी के नाम को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

चैंपियंस ट्रॉफी में शमी ने खेला था आखिरी मैच

2025 चैंपियंस ट्रॉफी में खिताबी जीत के बाद से शमी भारतीय टीम में शामिल नहीं हुए हैं। उन्हें लगातार चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज किया। पहले अजीत अगरकर कहते रहे कि उनकी फिटनेस को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है और वह चोट से उबर रहे हैं। जब शमी ने अपनी फिटनेस साबित की और रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में शानदार गेंदबाजी की, तब मुख्य चयनकर्ता की तरफ से कहा गया कि वे अभी शमी के बारे में नहीं सोच रहे हैं।

दूसरी ओर, शमी लगातार घातक गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सिर्फ रणजी ट्रॉफी में ही नहीं, बल्कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया। चयनकर्ता उन्हें लगातार नजरअंदाज करते रहे, जबकि शमी हर फॉर्मेट में खुद को साबित करने की कोशिश करते रहे। शमी ने हाल ही में रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी के शुरुआती मुकाबले में बंगाल की तरफ से खेलते हुए 17.3 ओवर में सिर्फ 30 रन खर्च करके चार विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने नौ ओवर मेडन डाले और उनकी इकॉनमी 1.7 रही। उनकी धारदार गेंदबाजी के दम पर बंगाल ने दिल्ली को सिर्फ 240 रन पर समेट दिया।

शमी जैसा कोई नहीं!

दूसरी ओर, भारतीय चयनकर्ताओं ने शमी के बाद कई गेंदबाजों को आजमाया है, लेकिन इनमें से कोई भी लगातार उनके अनुभव और प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर पाया है। प्रसिद्ध कृष्णा, यश ठाकुर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, मुकेश कुमार और आकाश दीप जैसे गेंदबाजों को मौके मिले हैं। इसके अलावा अंशुल कंबोज, आकिब नबी, तुषार देशपांडे, हर्षित राणा और रमनदीप सिंह को भी अलग-अलग मौकों पर आजमाया गया है।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या चयनकर्ता एक बार फिर मोहम्मद शमी की ओर रुख करेंगे? अजीत अगरकर के कार्यकाल में शमी की वापसी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। लेकिन उनके जाने के बाद 4 साल से बाहर बैठे भुवनेश्वर कुमार की वापसी के बाद शमी की टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।

शामी का शानदार रहा है रिकॉर्ड

मोहम्मद शमी ने अब तक भारतीय टीम के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया, जबकि 2014 में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। शमी 2023 से टेस्ट टीम से बाहर हैं, जबकि 2025 में उन्हें सीमित ओवरों की टीम से भी बाहर कर दिया गया था।

ये सवाल इस लिए उठ रहे हैं, क्योंकि अगले साल भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका में वनडे वर्ल्डकप खेलना है। शमी ने 2105, 2019 और 2023 वर्ल्डकप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया और सबसे ज्यादा असरदार दिखे। 2015 वर्ल्डकप में शमी ने 17, 2019 में 14 और 2023 में 24 विकेट चटकाए थे। ऐसे में शमी जैसे गेंदबाज के बिना वर्ल्डकप खेलने की जिद कहीं चयनकर्ताओं को भारी न पड़ जाए। शमी के बिना टीम इंडिया की गेंदबाजी लाइन-अप भी उतनी धारदार नहीं नजर आती। ऐसे में देखना ये होगा कि क्या शमी की टीम में वापसी होती है या उन्हें नजरअंदाज करना जारी रखा जाएगा।

Updated on:
12 Oct 2026 10:22 pm
Published on:
12 Oct 2026 10:22 pm