क्रिकेट

‘IPL 2026 के बाद ही मिलनी चाहिए थी टीम इंडिया में जगह’, संजय मांजरेकर ने 36 वर्षीय खिलाड़ी पर दिया बड़ा बयान

भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में चार साल बाद वापसी पर संजय मांजरेकर ने बड़ा बयान दिया। जानें IPL 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन और न्यूजीलैंड सीरीज में उनकी भूमिका पर क्या बोले मांजरेकर।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
Team India
भारतीय गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर और भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ी। (Photo- IANS)

Sanjay Manjrekar on Bhuvneshwar kumar: चार साल बाद भारतीय T20 इंटरनेशनल टीम में वापसी करने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को लेकर पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने बड़ा बयान दिया है। संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया 'इंस्टाग्राम' पर कहा, 'भुवनेश्वर कुमार को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के तुरंत बाद ही भारतीय टीम में शामिल कर लिया जाना चाहिए था। संजय मांजरेकर ने कहा कि भारतीय परिस्थितियों में बल्लेबाजों के लिए मददगार पिचों पर किसी गेंदबाज का शानदार प्रदर्शन करना बड़ी उपलब्धि है। इसलिए ऐसे गेंदबाज को आईपीएल के तुरंत बाद भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए।

'भुवनेश्वर कुमार के चयन का फैसला सही'

संजय मांजरेकर ने भुवनेश्वर के चयन को सही फैसला बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि आईपीएल के बाद ही उनकी टीम में वापसी हो जाएगी। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार की निरंतरता और विकेट लेने की क्षमता की भी तारीफ करते हुए कहा, 'अगर किसी गेंदबाज का आईपीएल शानदार रहता है, तो मेरा मानना है कि उसे तुरंत भारतीय टीम में चुन लिया जाना चाहिए। इसकी वजह यह है कि भारतीय परिस्थितियों में आईपीएल जैसी बल्लेबाजों के अनुकूल लीग में शानदार गेंदबाजी करना बड़ी उपलब्धि है।' उन्होंने आगे कहा कि भुवनेश्वर कुमार पूरे आईपीएल सीजन में बेहद प्रभावी रहे और गेंद से कई मौकों पर गेम का रुख बदलने में सफल हुए।

पावर हिटर्स के खिलाफ भी होंगे खतरनाक

संजय मांजरेकर ने भुवनेश्वर कुमार की सबसे बड़ी ताकत उनकी क्रिकेटिंग समझ और गेंदबाजी की सटीकता को बताया। उनका कहना है कि भुवनेश्वर कुमार स्टंप्स को निशाना बनाते हैं। वह हवा और पिच से मिलने वाले एंगल का बेहतरीन इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर के पावर हिटर्स के खिलाफ भी भुवनेश्वर की ये खूबियां उन्हें बेहद मुश्किल गेंदबाज बनाती हैं।

IPL 2026 में भुवनेश्वर ने मचाया धमाल

आपको बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने IPL 2026 में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 आईपीएल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए 28 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 18 से भी कम रहा। वहीं, उनका इकॉनमी रेट 7.95 रहा। उनके प्रभावशाली प्रदर्शन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

भारत के लिए शानदार रहा है रिकॉर्ड

भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए 87 T20 इंटरनेशनल मैचों में 90 विकेट लिए हैं। उनका औसत 23.10 और इकॉनमी रेट 6.96 रहा है। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला चार साल पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अब न्यूजीलैंड दौरे पर उनकी वापसी से भारतीय टीम को अनुभव और गेंदबाजी में विविधता मिलने की उम्मीद है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होगी।

Updated on:
08 Oct 2026 12:20 pm
Published on:
08 Oct 2026 12:20 pm