क्रिकेट

IPL में सबसे ज्‍यादा मेडन ओवर फेंकने वाले शीर्ष गेंदबाजों में भारतीयों का जलवा, बॉल टच करने को तरसते हैं बल्लेबाज

IPL Records: आईपीएल में यूं तो बल्‍लेबाजों का बोलबाला रहता है, लेकिन कुछ गेंदबाज ऐसे हैं, जिनके सामने बल्‍लेबाज रन बनाने को तरसते हैं। अब आईपीएल में सिर्फ चार गेंदबाज ही ऐसे हुए हैं, जिन्‍होंने 10 या उससे अधिक मेडन ओवर फेंकने का रिकॉर्ड बनाया है। इस लिस्‍ट में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिलता है।
2 min read
Mar 24, 2026
Bhuvneshwar Kumar
आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्‍वर कुमार और विराट कोहली। (फोटो सोर्स: IPL)

IPL Records: इंडियन प्रीमियर लीग का आगाज होने में अब चंद दिन ही शेष बचे हैं। दुनिया की इस सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में इस बार भी कई नए रिकॉर्ड बनेंगे और कई बड़े रिकॉर्ड टूटेंगे। वैसे तो टी20 क्रिकेट को बल्‍लेबाजों का गेम माना जाता है, लेकिन कई गेंदबाज ऐसे भी हैं, जिन्‍होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत होने से पहले आज हम आपको ऐसे गेंदबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्‍होंने काफी किफायती बॉलिंग की है और 10 या उससे ज्‍यादा मेडन ओवर फेंकने का रिकॉर्ड बनाया है।

शीर्ष पर भुवनेश्वर कुमार

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्‍वर ने 2011 से अब तक अपने आईपीएल करियर में कुल 190 मैच खेले। इस दौरान उन्‍होंने कुल 703.4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 14 मेडन ओवर निकाले हैं और वह आईपीएल में ऐसा करने वाले शीर्ष गेंदबाज हैं। इस लीग में भुवी के नाम 198 विकेट दर्ज हैं, जिसमें 2 बार फाइव विकेट हॉल भी हैं। उन्‍होंने आईपीएल 2017 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ 4 ओवरों में 19 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। वह अब तक तीन फ्रैंचाइजी के लिए आईपीएल खेल चुके हैं।

प्रवीण कुमार ने 10 साल में गहरी छाप छोड़ी

भारतीय मीडियम पेसर प्रवीण कुमार को सटीक लाइन लेंथ के लिए जाना जाता है। मेरठ का ये गेंदबाज 2008 से 2017 के बीच इंडियन प्रीमियर लीग के कुल 119 मुकाबले खेला। इस दौरान उन्‍होंने 420.4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 14 ओवर मेडन फेंके और 90 विकेट अपने नाम किए। अब प्रवीण कुमार नहीं खेलते हैं।

ट्रेंट बोल्ट ने 11 ओवर मेडन फेंके

न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज ट्रेंट बोल्‍ट को रफ्तार के लिए जाना जाता है। उन्‍होंने 2015 से 2025 के बीच कुल 120 आईपीएल मैच खेले। इस दौरान उन्‍होंने 447.1 ओवर गेंदबाजी करते हुए कुल 143 विकेट निकाले। इस लीग में उन्‍होंने 11 मेडन ओवर फेंके हैं। उन्होंने 2 बार पारी में 4 विकेट हॉल लिए हैं। आईपीएल 2020 में बोल्ट ने मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए सीएसके के खिलाफ 18 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे। इस दौरान एक ओवर मेडन भी था।

इरफान पठान चौथे पायदान पर

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर इरफान पठान इस लिस्‍ट में चौथे पायदान पर हैं। उन्‍होंने 2008 से 2017 के बीच आईपीएल करियर में कुल 103 मुकाबले खेले, जिसमें 80 विकेट निकाले। पठान ने 340.3 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान 10 मेडन ओवर निकाले। पठान ने अपने आईपीएल करियर में पांच टीमों से खेला, जिनमें पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स और गुजरात लायन्स शामिल हैं।

Published on:
24 Mar 2026 12:44 pm
Also Read
View All