क्रिकेट

‘अगर वह 17-18 साल का है तो…’, Vaibhav Suryavanshi की उम्र को लेकर Brett Lee का बड़ा बयान

Vaibhav Suryavanshi की उम्र पर उठ रहे सवालों के बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ब्रेट ली उनके बचाव और तारीफ में उतरे हैं। ली ने कहा कि उम्र चाहे जो हो, यह बच्चा अद्भुत प्रतिभा का धनी है।
2 min read
Aug 09, 2026
Brett Lee and Vaibhav Suryavanshi
वैभव सूर्यवंशी और ब्रेट ली (फोटो- BCCI)

Brett Lee on Vaibhav Suryavanshi: टीम इंडिया के 15 साल के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वैभव की उम्र को लेकर भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। हर कोई पूछ रहा है कि क्या वह सच में 15 साल के हैं? ब्रेट ली ने कहा, "मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह कितने साल का है। अगर वह 15 का है तो यह बहुत शानदार है, लेकिन अगर वह 17 या 18 साल का भी है तो भी इससे कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। यह बच्चा क्रिकेट खेलना जानता है। वह टीम इंडिया के लिए बहुत बड़ी खोज है और आगे चलकर बहुत कुछ हासिल करेगा।"

ली ने की सूर्यवंशी की जमकर तारीफ

एक पॉडकास्ट में ब्रेट ली ने सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह एक अविश्वसनीय बल्लेबाज हैं और उन्होंने इतनी कम उम्र में गजब की परिपक्वता (Maturity) दिखाई है। उन्होंने आईपीएल में दिग्गज तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की है। हालांकि, ब्रेट ली ने सूर्यवंशी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें आने वाले समय में मिलने वाली अटेंशन और उम्मीदों को संभालना होगा, क्योंकि उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है।

ज्यादा दबाव न डालने की अपील

इसके साथ ही उन्होंने फैंस और मीडिया से अपील की कि सूर्यवंशी पर बहुत ज्यादा दबाव न डाला जाए। सनराइजर्स के खिलाफ खेली गई 97 रनों की पारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई थीं। उस मुकाबले में उन्होंने जो शॉट्स खेले, उनकी पावर सिर्फ बैटिंग या फॉर्म से नहीं बल्कि उनके मजबूत दिमाग से आती है। वह अभी बच्चा है, उसे बच्चा ही रहने दें, उस पर गैर-जरूरी प्रेशर न बनाएं।

आपको बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने सबसे ज्यादा छक्के लगाकर क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था। इस धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला और इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने डेब्यू किया। हालांकि, उनकी पहली सीरीज कुछ खास नहीं रही, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 81 रनों की अपनी सबसे बड़ी पारी खेली। सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों में दो अर्धशतक जड़े और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए। सूर्यवंशी अब दलीप ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे, जहां वह ईस्ट जोन के उप-कप्तान हैं और ईशान किशन की कप्तानी में मैदान पर उतरेंगे।

Updated on:
09 Aug 2026 12:03 pm
Published on:
09 Aug 2026 12:03 pm