CSK vs MI Match Highlights: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार रात खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद एमआई प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है।
CSK vs MI Match Highlights: चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 44वें मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया। चेन्नई सुपर किंग्स 9 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस 9 में से सिर्फ दो मैच जीतकर 9वें स्थान पर कायम है। ये एमआई की टूर्नामेंट में सातवीं हार है। इस हार के साथ उसका प्लेऑफ से बाहर होना लगभग तय है। अब यहां से उसे कोई चमत्कार ही प्लेऑफ तक पहुंचा सकता है। इस हार के बाद कप्तान पंड्या काफी निराश नजर आए।
मैच के बाद एमआई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा कि यह सिर्फ आज रात की बात नहीं है, बल्कि पूरे सीजन की बात है। उन्होंने हमसे बेहतर खेला, बेहतर गेंदबाजी की, बेहतर फील्डिंग की और बेहतर बल्लेबाजी भी की।
क्या इस पिच पर 180 का स्कोर ठीक था? इस पर हार्दिक ने कहा कि मुझे लगता है कि एक समय पर हम 180-190 के आसपास का स्कोर बनाने की सोच रहे थे। यह एक अच्छा टोटल हो सकता था, लेकिन 10 ओवर के बाद हम मोमेंटम हासिल नहीं कर पाए और न ही अच्छी फिनिश दे पाए।
180 का स्कोर न बना पाने की वजह? इस पर पंड्या ने कहा कि सीधे जाकर बड़े शॉट्स खेलना आसान नहीं था। यहां तक कि उनके बल्लेबाज़ भी सेट होने के बाद गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नहीं हो पाए। यह ज्यादातर हिसाब-किताब वाली क्रिकेट खेलने और यह पक्का करने के बारे में था कि हमारे हाथ में सही समय पर विकेट्स मौजूद रहें। साथ ही हमारे बल्लेबाज गेंद को सही से कनेक्ट नहीं कर पाए। विपक्षी टीम ने बेहतर गेंदबाजी की। कुल मिलाकर एक गेंदबाजी यूनिट के तौर पर वे हमसे बेहतर थे, जबकि एक बल्लेबाजी यूनिट के तौर पर हम उतने अच्छे नहीं थे।
क्या आपको गेंदबाज़ी में और ज्यादा आक्रामक होना चाहिए था? इस पर उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि हम और कितने आक्रामक हो सकते थे। उन्हें आउट करने के लिए हमें आग के गोले फेंकने पड़ते। हमारे पास गेंदबाजी के जो भी विकल्प मौजूद थे, हमने उन्हीं के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया और उन्होंने बस समझदारी भरी क्रिकेट खेली। वे हमसे बेहतर थे।