
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
Asian Games Men's Cricket Tournament:एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 28 सितंबर को करेगी। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि भारतीय टीम का सामना किससे होगा, लेकिन यह कंफर्म है कि भारतीय टीम ग्रुप ए की दूसरे नंबर की टीम से भिड़ेगी। मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के शुरुआती स्टेज में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 2 अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, नेपाल और जापान की टीम है, तो वहीं ग्रुप बी में ओमान, हांगकांग और मलेशिया की टीमें शामिल हैं।
ग्रुप ए में अफगानिस्तान का टॉप पर रहना लगभग तय माना जा रहा है। उसने पहले ही मुकाबले में जापान को एकतरफा मुकाबले में हरा दिया था। वहीं, दूसरा मुकाबला उसका नेपाल से होना है। ऐसे में अफगानिस्तान टॉप पर रहेगी, जिससे यह कंफर्म हो जाएगा कि भारतीय टीम अफगानिस्तान से तो नहीं भिड़ेगी। अब बचे नेपाल और जापान। अगर नेपाल की टीम जापान को हरा देती है या जापान की टीम नेपाल को हरा देती है, तो उस स्थिति में जो भी टीम जीतेगी, वह भारतीय टीम से क्वार्टर फाइनल में खेलेगी। यानी जापान और नेपाल के बीच खेला जाने वाले मुकाबले पर भारतीय क्रिकेट फैंस की भी नजरें होंगी। यह मुकाबला 26 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।
भारत के साथ श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें भी क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं। श्रीलंका की टीम ग्रुप ए की विनर से भिड़ेगी, यानी श्रीलंका का अफगानिस्तान से मुकाबला होना तय माना जा रहा है। वहीं, ग्रुप बी की रनर अप टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि ग्रुप बी की विनर टीम बांग्लादेश से सामना करेगी।
यानी पहले क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान का सामना ओमान, हांगकांग या मलेशिया में से किसी एक टीम से हो सकता है। दूसरे क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम का सामना नेपाल या जापान से हो सकता है। तीसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका और अफगानिस्तान का मुकाबला लगभग तय माना जा रहा है, तो वहीं चौथे क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश की टक्कर मलेशिया, ओमान या हांगकांग में से किसी भी टीम से हो सकती है।
आपको बता दें कि क्वार्टर फाइनल मुकाबले 28 और 29 सितंबर को खेले जाएंगे, तो वहीं सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर को और गोल्ड मेडल और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले 3 अक्टूबर को होंगे। ये सभी मुकाबले जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स ग्राउंड पर होंगे, जिसे आप सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर लाइव देख सकते हैं।
Updated on:
25 Sept 2026 09:56 am
Published on:
25 Sept 2026 09:56 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Asian Games 2026
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
