क्रिकेट

CSK के लिए डेब्यू करेगा 14 करोड़ी अनकैप्ड प्लेयर, पंजाब किंग्स की प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं

पंजाब किंग्स ने पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस को मात दी थी, तो चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

2 min read
Apr 03, 2026
श्रेयस अय्यर और अर्शदीप सिंह (फोटो- IANS)

IPL 2026, PBKS vs CSK: आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत पंजाब किंग्स के साथ हो रही है। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब ने अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, सीएसके की तरफ से प्रशांत वीर डेब्यू कर रहे हैं। प्रशांत को सीएसके ने ऑक्शन में 14.20 करोड़ रुपए में खरीदा था।

ये भी पढ़ें

अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड के ओपनिंग करने से SRH को कितना हो रहा फायदा? हेनरिक क्लासेन ने किया खुलासा

श्रेयस अय्यर पूरी तरह फिट

टॉस जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि पिच काफी ताजी नजर आ रही है और इसी कारण वह पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी कलाई की चोट से उबर चुके हैं और पूरी तरह से फिट हैं। पंजाब किंग्स इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम के साथ ही मैदान पर उतरी है।

टॉस हारने के बाद सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, "पिच थोड़ी सूखी लग रही है। मुझे नहीं लगता कि इसमें बहुत ज्यादा बदलाव आएगा। अभी अप्रैल की शुरुआत है, इसलिए ओस का कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। बोर्ड पर अच्छा स्कोर बनाना और उसे डिफेंड करना सही रहेगा। पिछले सीजन में हमारा समय थोड़ा मुश्किल रहा था। कुछ गलतियां और चूक हुई थीं, जो टी20 गेम में हो सकती हैं। हालांकि, वह सब अब पुरानी बात हो गई है। अब हर मैच पर अलग से ध्यान देना है और एक-एक करके आगे बढ़ना है। सीएसके फ्रेंचाइजी के लिए यही सबसे अहम बात रही है—एक मजबूत टॉप ऑर्डर और ओपनर्स द्वारा अच्छी शुरुआत। इसी वजह से मैंने संजू सैमसन के साथ पार्टनरशिप की है। टीम में एक बदलाव है। मैथ्यू शॉर्ट की जगह प्रशांत वीर खेल रहे हैं।"

पहला मैच जीत चुकी है पंजाब किंग्स

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 का आगाज जीत के साथ किया है। टीम ने टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट से जीत दर्ज की थी। गुजरात टाइटंस से मिले 163 रनों के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। कूपर कोनोली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 72 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 37 रन बनाए थे। गेंदबाजी में विजयकुमार वैशाक ने 34 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे, जबकि युजवेंद्र चहल ने 28 रन देकर 2 विकेट निकाले थे।

दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान के खिलाफ टीम का बल्लेबाजी क्रम बुरी तरह से फेल रहा था और पूरी टीम 127 रन बनाकर ढेर हो गई थी। चेन्नई की तरफ से सर्वाधिक 43 रन जेमी ओवरटन ने बनाए थे, जबकि कार्तिक शर्मा ने 18 रनों का योगदान दिया था। टीम का गेंदबाजी अटैक भी राजस्थान के खिलाफ काफी कमजोर नजर आया था।

चेन्नई सुपर किंग्स प्लेइंग इलेवन

संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद।

पंजाब किंग्स प्लेइंग इलेवन

प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजय कुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

Also Read
View All

अगली खबर