CSK vs PBKS Match Highlights: IPL 2026 में शुक्रवार रात सीएसके को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के लिए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने अपने स्पिनरों को दोषी ठहराया।
CSK vs PBKS Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन का सातवां मुकाबला शुक्रवार रात चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया, जिसमें सीएसके को पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन की लगातार दूसरी हार के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ काफी निराश नजर आए। इस हार के बाद उन्होंने कहा कि टीम के स्पिनर्स का खराब प्रदर्शन सीएसके को बहुत ही भारी पड़ गया। जबकि पंजाब के सामने रखे 210 रनों के लक्ष्य को उन्होंने बहुत अच्छा स्कोर बताते हुए बल्लेबाजों की खूब तारीफ की।
मैच के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा कि मुझे लगा कि यह सच में एक बहुत अच्छा स्कोर था। विकेट तेज गेंदबाजों के लिए बेहतर था। मुझे लगा कि स्पिनरों के लिए यह थोड़ा ग्रिप कर रहा था, गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी। धीमी गेंद भी ग्रिप कर रही थी। इसलिए आप जानते हैं इस मैदान पर खासकर बड़ी बाउंड्री को देखते हुए मुझे लगा कि यह सच में एक बहुत अच्छा स्कोर था।
उन्होंने बतौर इम्पैक्ट प्लेयर राहुल चाहर को उतारने को लेकर कहा कि हमें लगा कि हमारे पास 3 तेज गेंदबाज हैं और जाहिर है हमारे पास दो अच्छे रिस्ट स्पिनर हैं, जो खासकर पावरप्ले के बाद बीच के ओवरों में मिलकर गेंदबाजी कर रहे हैं। हमें लगा कि इससे मदद मिलेगी। हालांकि, मुझे लगता है कि नूर अहमद और राहुल चाहर के लिए यह थोड़ा खराब दिन था। इसी कारण से मुझे लगता है कि हमें नुकसान हुआ।
गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बात करते हुए रुतुराज ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि हमारे गेंदबाजों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। कभी हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। कभी हमने सही समय पर सही गेंदबाजी नहीं की। जब ओवर बहुत अच्छा जा रहा होता था, तभी हमने एक छक्का या चौका दे दिया। इसलिए मुझे लगता है कि विपक्षी टीम पर ठीक से दबाव नहीं बन सका।
उन्होंने आगे कहा कि एक समय ऐसा आया जब रन रेट 11 रन प्रति ओवर तक पहुंच गया था और फिर शायद उसके बाद कुछ अच्छे ओवर आए। यह बढ़कर 12 और 13 तक पहुंच सकता था। इसी तरह आप मोमेंटम हासिल करते हैं। इसलिए बीच के ओवरों में हमें वह मोमेंटम मिल नहीं पाया। यह निश्चित रूप से एक बहुत मुश्किल मैच था। लेकिन, जैसा कि मैंने कहा इसमें बहुत सी सकारात्मक बातें भी थीं। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से हमारे बल्लेबाजों ने प्रदर्शन किया, उससे बल्लेबाजों का हौसला बढ़ेगा।