
Dasun Shanaka, Double Hat Trick, Seattle Orcas vs Texas Super Kings: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 का 21वां मुकाबला सिएटल ऑर्कस (SOR) और टेक्सास सुपर किंग्स (TSK) के बीच खेला गया। पोमोना के नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में श्रीलंका के पूर्व कप्तान और स्टार ऑलराउंडर दसुन शनाका ने इतिहास रच दिया।
शनाका ने इस मैच के आखिरी ओवर में चार गेंद पर चार विकेट झटकते हुए डबल हैट्रिक हासिल की। जिसकी मदद से सिएटल ऑर्कस ने टेक्सास सुपर किंग्स को 9 रन से हरा दिया। शनाका ने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर डोनोवन फरेरा को क्लीन बोल्ड किया। वहीं इसके बाद चौथी गेंद पर कैल्विन सैवेज को सिमरन हेटमायर के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद पांचवी गेंद पर एडम मिल्ने को टिम सेफ़र्ट के हाथों कैच आउट कराया और अपनी हैट्रिक पूरी की।
शनाका यहीं नहीं रुके, उन्होंने मैच की आखिरी गेंद पर अम्शी डी सिल्वा को भी सिमरन हेटमायर के हाथों कैच आउट करा डबल हैट्रिक पूरी की और इतिहास रच दिया। वे एमएलसी के इतिहास में डबल हैट्रिक लेने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। शनाका ने गेंदबाजी में 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट लिए। इससे पहले उन्होंने बल्ले से भी 16 रन की उपयोगी पारी भी खेली थी। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया।
2007 विश्व कप के सुपर 8 मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मलिंगा ने यह कारनामा किया था। उन्होंने लगातार 4 गेंदों पर शॉन पोलॉक, एंड्र्यू हॉल, जैक्स कैलिस और मार्क बाउचर के विकेट लिए था। वहीं 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने कॉलिन मुनरो, हामिश रदरफोर्ड, कॉलिन डी ग्रैंडहोम और रॉस टेलर को चलता किया था। मलिंगा इकलौते गेंदबाज हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो बार यह करिश्मा किया है।
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए सिएटल ऑर्कस की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर मात्र 121 रन बनाए थे। टीम के लिए कैमरन गैनन ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। वहीं आली शेख ने 18, हरमीट सिंह ने 13 और शनाका ने 16 रनों का योगदान दिया। टेक्सास सुपर किंग्स की ओर से अम्शी डी सिल्वा ने तीन विकेट झटके। उनके अलावा एडम मिल्ने ने दो, विलेम मुल्डर, अभिमन्यु लांबा और डियान फॉरेस्टर ने एक-एक विकेट लिए।
जवाब में टेक्सास सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 112 रन ही बना सकी। टीम के लिए शुभम रंजने ने 40 रनों की पारी खेली। लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। उनके अलावा डोनोवन फरेरा ने 22 रन बनाए। टेक्सास सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी, लेकिन शनाका की घातक गेंदबाजी ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। शनाका के अलावा ओटनील बार्टमैन ने तीन विकेट झटके।