
Deepak Chahar: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के आगामी सीजन के लिए राजस्थान की टीम घोषित कर दी गई है। भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) ने टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी है।
राजस्थान को एलीट ग्रुप-ए में रखा गया है। टीम अपने सभी सात लीग मुकाबले मुंबई में खेलेगी। अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच से होगी। इसके बाद 16 नवंबर को झारखंड से मुकाबला होगा। 18 नवंबर को टीम चंडीगढ़ के सामने उतरेगी। 20 नवंबर को बड़ौदा से दिन-रात्रि मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 22 नवंबर को मिजोरम, 24 नवंबर को कर्नाटक और 26 नवंबर को बंगाल से भिड़ेगी।
राजस्थान की टीम में दीपक चाहर के छोटे भाई राहुल चाहर को भी शामिल किया गया है। राहुल लेग स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने भारत के लिए एक वनडे और छह टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। दीपक के नाम 13 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हैं। खास बात यह है कि दोनों भाई रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में नहीं खेले थे। राहुल के दूसरी टीम से खेलने की चर्चा भी थी। हालांकि, अब वह राजस्थान की ओर से ही खेलेंगे।
टीम में अनुभवी ऑलराउंडर महिपाल लोमरोर को भी जगह मिली है। उनके अलावा युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा और मुकुल चौधरी भी टीम का हिस्सा होंगे। ये तीनों खिलाड़ी आईपीएल 2026 में भी खेल चुके हैं।
हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद को टीम में शामिल नहीं किया गया है। वह हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। इस चोट के कारण उनकी सर्जरी हुई थी। खलील हाल ही में चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद में ट्रेड हुए हैं। उनकी मौजूदा फीस 4.8 करोड़ रुपए है।
टीम के अन्य खिलाड़ियों में अजय राज सिंह, कुणाल सिंह राठौड़, अभिजीत तोमर, हनी प्रताप सिंह, हिमांशु सिंह राणा, रामनिवास गोलाडा, रोहन राजभर, हिमांशु नेहरा और अभिषेक मुंड शामिल हैं।
दीपक चाहर (कप्तान), मानव सुथार (उपकप्तान), अजय राज सिंह, कार्तिक शर्मा, राहुल चाहर, रामनिवास गोलाडा, रोहन राजभर, अभिजीत तोमर, हिमांशु सिंह राणा, हनी प्रताप सिंह, कुणाल सिंह राठौड़, महिपाल लोमरोर, मुकुल चौधरी, हिमांशु नेहरा और अभिषेक मुंड।