WPL 2026 Auction Most Expensive Player: वूमेंस वर्ल्ड कप 2025 में अपनी शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया को चैंपियन बनाने वाली दीप्ति शर्मा पर WPL के ऑक्शन में 3.2 करोड़ रुपए की बोली लगी है।
Deepti Sharma UP Warriorz: वूमेंस प्रीमियर लीग 2026 के ऑक्शन की शुरुआत रोमांचक तरीके से हुई। ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली के अनसोल्ड रहने के साथ शुरू हुई नीलामी में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पर 3.2 करोड़ की बोली लगी। ऑक्शन से पहले यूपी वॉरियर्स ने दीप्ति को रिलीज कर दिया था। उन्होंने अपना बेस प्राइस 50 लाख रखा था। ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें हासिल करने के लिए 3 करोड़ 20 लाख रुपए तक की बोली लगा दी, लेकिन अंत में यूपी वॉरियर्स ने RTM का प्रयोग कर 3.20 करोड़ में उन्हें वापस अपनी टीम में शामिल कर लिया।
इस ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स की फ्रेंचाइजी शामिल हैं, जो 277 खिलाड़ियों के भाग्य का फैसला करेंगी। इस नीलामी के लिए 52 भारतीय खिलाड़ी, 66 कैप्ड विदेशी खिलाड़ी, 142 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी और 17 अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया है।
दीप्ति शर्मा ने हाल में खेले गए वूमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के खिताबी मुकाबले में बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 7 पारियों में 215 रन बनाए और 22 विकेट भी अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के बाद उम्मीद की जा रही थी कि उनपर नीलामी पर पैसों की बारिश होगी। आगरा में जन्मी दीप्ति ने वूमेंस प्रीमियर लीग के 25 मुकाबलों में 27 विकेट चटकाए हैं और वह यूपी वॉरियर्स की महत्वपूर्ण खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने बल्ले से भी धमाल मचाया है और 28 की औसत से 507 रन बनाए हैं। दीप्ति के नाम WPL में 3 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
अब तक की 10 सबसे महंगी खिलाड़ियों की बात करें तो दीप्ति शर्मा के बाद अमेलिया केर को मुंबई इंडियंस ने 3 करोड़ में खरीदा है। सोफी डिवाइन को गुजरात जायंट्स ने 2 करोड़, मेग लेनिंग को यूपी वॉरियर्स ने 1.9 करोड़, सिनेले हेनरी को दिल्ली कैपिटल्स ने 1.3 करोड़ और फोबे लिचफील्ड को यूपी वॉरियर्स ने 1.2 करोड़ तथा लौरा वॉलवार्ट को दिल्ली कैपिटल्स ने 1.1 करोड़ रुपए में खरीदा।