क्रिकेट

लुंगी एनगिडी की चोट पर दिल्ली कैपिटल्स ने दिया बड़ा अपडेट, बताई अब कैसी है गेंदबाज की हालत

Lungi Ngidi Injury Update: लुंगी एनगिडी को मैच के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है, जबकि दिल्ली पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें 11 मिनट में अस्पताल पहुंचाया।

2 min read
Apr 25, 2026
लुंगी एनगिडी (फोटो- IANS)

Delhi Capitals on Lungi Ngidi Injury Update: दिल्ली कैपिटल्स ने लुंगी एनगिडी की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। एनगिडी को आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए कैच पकड़ने के प्रयास में सिर पर गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें मैदान से सीधा अस्पताल ले जाया गया था।

दिल्ली कैपिटल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लुंगी एनगिडी पर अपडेट देते हुए लिखा, "एनगिडी की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।" एनगिडी के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने भी ट्वीट किया।

ये भी पढ़ें

राहुल-नितीश ने मिलकर बनाए 220 रन, लेकिन नहीं तोड़ पाए विराट-डीविलियर्स का रिकॉर्ड, देखें IPL की सबसे बड़ी साझेदारी

दुनिया कर रही एनगिडी के लिए दुआ

सीएसके ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "लुंगी एनगिडी को हम सारी दुआएं भेज रहे हैं और उनके जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं। वहीं, आरआर ने लिखा, "लुंगी एनगिडी के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं और इस समय में उनके लिए दुआ कर रहे हैं। मजबूत होकर वापस आओ।"

दिल्ली पुलिस ने लुंगी एनगिडी को मैदान से अस्पताल सिर्फ 11 मिनट में पहुंचाया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि जैसे ही उन्हें मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिली वैसे ही उन्होंने बिना देरी करते हुए कार्रवाई की। एनगिडी को मैदान से राजेंद्र नगर स्थित बीएलके मैक्स स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया। एसीपी ट्रैफिक संजय सिंह ने कंट्रोल रूम से बातचीत की और बिना रुकावट ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्देश दिया, जिसके चलते एनगिडी महज चंद मिनटों के अंदर अस्पताल पहुंच सके।

दरअसल, पंजाब किंग्स की पारी के दौरान लुंगी एनगिडी एक कैच को पकड़ने के प्रयास में हवा में उछले, लेकिन इस दौरान उनके शरीर का बैलेंस बुरी तरह से बिगड़ गया और वह सिर के बल नीचे गिर गए। जमीन पर गिरने की वजह से एनगिडी के सिर और गर्दन में गंभीर चोट आई।

इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर लेटाकर एम्बुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मैच में एनगिडी की कमी दिल्ली कैपिटल्स को साफतौर पर खली। पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स से मिले 265 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी है।

Also Read
View All