एमएस धोनी को लेकर वर्ल्ड कप के बाद से ही संन्यास की खबरें आ रही हैं। अब वो अगले 2 महीने क्रिकेट से दूर रहेंगे।
नई दिल्ली। वेस्टइंडीज दौरे के लिए पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सेलेक्शन को लेकर चल रही चर्चाओं का दौर अब थम गया है, क्योंकि खुद धोनी ने वेस्टइंडीज टूर से अलग होने का फैसला किया है। रविवार को वेस्टइंडीज टूर के लिए भारतीय टीम का चयन होना है और उससे पहले ये साफ हो गया है कि धोनी इस दौरे पर नहीं जाएंगे।
अगले 2 महीने क्रिकेट से दूर रहेंगे धोनी
जानकारी के मुताबिक, धोनी अगले 2 महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। इन दो महीनों में एमएस धोनी अपनी पैरामिलिट्री रैजिमेंट के साथ समय बिताएंगे। धोनी ने खुद बीसीसीआई को ये जानकारी दी कि वो अगले 2 महीने पैरामिलिट्री रैजिमेंट के साथ समय बिताएंगे, जिससे साफ है कि धोनी वेस्टइंडीज टूर पर नहीं जाएंगे। आपको बता दें कि धोनी टैरिटोरियल आर्मी की पैराशूट रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं।
रविवार को होना है वेस्टइंडीज टूर के ऐलान
धोनी के चयन को लेकर बीसीसीआई के एक आला अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया है, 'धोनी ने स्वयं को वेस्ट इंडीज दौरे के लिए अनुपलब्ध बताया है चूंकि वह अगले दो महीने पैरामिलिट्री रेजिमेंट के साथ समय बिताएंगे।' आपको बता दें कि रविवार को वेस्टइंडीज टूर के लिए टीम इंडिया का ऐलान होना है। इस सेलेक्शन से पहले धोनी के चयन की काफी चर्चाएं हो रही थीं कि उन्हें इस टूर पर मौका दिया जाएगा या नहीं, क्योंकि वर्ल्ड कप के बाद से ही धोनी के संन्यास को लेकर खूब बातें हो रही हैं।
अब धोनी के वेस्टइंडीज टूर से हटने के बाद ऋषभ पंत को फर्स्ट विकेटकीपर के तौर पर टीम में चुना जाना तय है। इसके अलावा दिनेश कार्तिक और ऋद्धिमान साह को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर टीम में चुना जा सकता है।