
Vaibhav Sooryavanshi in Duleep Trophy 2026: दिलीप ट्रॉफी 2026 के लिए टीनेजर सनसनी वैभव सूर्यवंशी को ईस्ट जोन टीम की उप-कप्तानी सौंपी गई है। अब वह ईशान किशन के डिप्टी होंगे। वैभव ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया और फिर जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप में अहम भूमिका निभाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से भी नवाजा गया। टी20 के बाद अब 15 साल का ये धाकड़ बल्लेबाज दिलीप ट्रॉफी में धमाल मचाने को तैयार है। आइये इससे पहले वैभव के रेड बॉल क्रिकेट रिकॉर्ड पर एक नजर डालते हैं।
बता दें कि बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू जनवरी 2024 में किया था, जिसके साथ ही वह महज 13 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी खेलने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। 2024 में उन्होंने यूथ क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ शतक और यूएई में अंडर-19 एशिया कप में कुछ अर्धशतक लगाए और इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में साइन किया। उसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज भारत समेत पूरी दुनिया में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के नाम का डंका बज रहा है।
महज 13 साल की उम्र में बिहार के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 8 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। उन्होंने इस दौरान 12 पारियों में 17.25 के औसत से 207 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनका स्ट्राइक रेट 90 का रहा है। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी आया है। उम्मीद है कि जिस तरह से वह टी20 में कमाल कर रहे हैं, आगे प्रथम श्रेणी में भी अपनी छाप छोड़ेंगे।
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 क्रिकेट में आधा दर्जन यूथ टेस्ट भी खेल चुके हैं। उन्होंने 2024 और 2025 के बीच 6 यूथ टेस्ट में 33 के औसत और 137 के शानदार स्ट्राइक रेट से कुल 331 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक भी आए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ महज 58 गेंदों पर शतक बनाया है। इस दौरान उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 113 रनों की रही।