
Duleep Trophy Final, Vaibhav Suryavanshi: दलीप ट्रॉफी 2026 के खिताबी मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी दूसरी पारी में भी सस्ते में आउट हो गए हैं। सूर्यवंशी 16 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 8 रन बना पाए और त्रिपुराणा विजय की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। उनकी गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में बीट हुए और विकेटकीपर एन जगदीशन ने बिना कोई गलती किए उन्हें स्टंप कर दिया। सूर्यवंशी पहली पारी में भी सिर्फ 44 रन बना पाए थे। उनके आउट होने की वजह से ईस्ट जोन को 13 रन के स्कोर पर ही डबल झटका लगा।
इससे पहले अभिमन्यु ईश्वरन भी 13 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटे थे। उन्हें मोहम्मद सिराज ने देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराया था। ईश्वरन ने पहली पारी में शतक लगाया था, लेकिन दूसरी पारी में वह कमाल नहीं दिखा पाए। हालांकि, ईस्ट जोन इस मुकाबले में जीत की दहलीज पर खड़ा है। पहली पारी में ईस्ट जोन ने 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसमें ईशान किशन ने 270 रन की विशाल पारी खेली थी, तो कुमार कुशाग्र ने 101 रन बनाए थे। इसके अलावा अभिमन्यु ईश्वरन ने 72, तो शिखर मोहन ने 85 रन की पारी खेली थी।
जवाब में साउथ जोन की टीम सिर्फ 336 रन बना सकी और ईस्ट जोन ने पहली पारी के आधार पर 372 रन की बढ़त हासिल कर ली। आपको बता दें कि नियम के अनुसार, अगर मल्टी-डे मुकाबला किसी भी वजह से ड्रॉ हो जाता है, तो पहली पारी में बढ़त हासिल करने वाली टीम को विजेता घोषित कर दिया जाता है।
372 रन की बढ़त हासिल करने के बावजूद ईस्ट जोन ने दोबारा बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन इस बार उन्हें 13 रन के स्कोर पर ही दो झटके लगे। हालांकि, इसके बाद शिखर मोहन और ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया।
ईस्ट जोन ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने नॉर्थ ईस्ट जोन को एकतरफा मुकाबले में रौंदा, तो सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन को मात दी। इसके बाद खिताबी मुकाबले में साउथ जोन भी उनके सामने अब तक टिक नहीं पाई है। ऐसे में ईशान किशन अपनी कप्तानी में दूसरा खिताब जीतने की दहलीज पर खड़े हैं। यहां से अब या तो ईस्ट जोन मुकाबला जीतेगी या मैच ड्रॉ होगा और दोनों ही कंडीशन में ईस्ट जोन के पास ट्रॉफी आ जाएगी।