
Duleep Trophy Central Zone Full Squad: दिलीप ट्रॉफी के लिए सेंट्रल जोन ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। डिफेंडिंग चैंपियन टीम ने एक बार फिर रजत पाटीदार पर भरोसा जताते हुए उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं टीम इंडिया के युवा और विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उपकप्तान बनाया गया है।
सेंट्रल जोन की नजर इस बार भी खिताब अपने नाम करने पर होगी। पिछले सीजन में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में साउथ जोन को हराकर ट्रॉफी जीती थी। अब 23 अगस्त से बेंगलुरु में शुरू होने वाली दिलीप ट्रॉफी में टीम अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। मजबूत 15 सदस्यीय स्क्वाड के साथ सेंट्रल जोन एक बार फिर इतिहास दोहराने की कोशिश करेगा।
बता दें दिलीप ट्रॉफी के लिए डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कप्तान रजत पाटीदार टीम की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत होंगे। बता दें पाटीदार पिछले साल दिलीप ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उनके साथ रिंकू सिंह, अमन मोखाड़े, कुणाल चंदेला, आयुष पांडे, आर्यन जुयाल और यश राठौड़ जैसे शानदार बल्लेबाज मौजूद हैं। यश राठौड़ ने पिछले सीजन के फाइनल में 194 रन की शानदार पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था।
सेंट्रल जोन की गेंदबाजी यूनिट भी काफी मजबूत नजर आ रही है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी यश ठाकुर, अरशद खान, आर्यन पांडे और नचिकेत भूटे संभालेंगे। वहीं स्पिन डिपार्टमेंट में सारांश जैन सबसे अहम खिलाड़ी होंगे। उन्होंने पिछले दिलीप ट्रॉफी सीजन में 16 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था। उनके साथ हर्ष दुबे और जीशान अंसारी स्पिन गेंदबाजी को मजबूती देंगे। सारांश जैन को टीम में इसलिए भी शामिल किया गया है क्योंकि वह भारत की टेस्ट टीम में चुने गए हैं। अगर वह उपलब्ध रहते हैं तो सेमीफाइनल में सेंट्रल ज़ोन के लिए बड़ा योगदान दे सकते हैं। टीम मैनेजमेंट ने चोट जैसी स्थिति से निपटने के लिए छह स्टैंड-बाय खिलाड़ियों को भी चुना है। इसमें अमनदीप खरे, मयंक मिश्रा, सौरभ रावत, भार्गव मेराई, कुणाल यादव और कुमार कार्तिकेय शामिल हैं।
टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी निखिल डोरू संभालेंगे, जबकि मनीष झा असिस्टेंट कोच होंगे। सेंट्रल ज़ोन की नजर इस बार भी दिलीप ट्रॉफी का खिताब बचाने पर होगी।