7 जुलाई को Mahendra Singh Dhoni अपना 39वां जन्‍मदिन मनाएंगे। इस मौके पर उन्हें वेस्टइंडीज के हरफनमौला और सीएसके के साथी ड्वेन ब्रावो उन्हें खास तोहफा देने जा रहे हैं।
नई दिल्ली : महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) भारत के अकेले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने अपनी अगुआई में भारत को दो विश्व कप (Cricket World Cup) और आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी (ICC Champions Trophy) दिलाई है। वहीं इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की बात करें तो वह अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) को तीन बार विजेता बना चुके हैं। उनके प्रशंसकों की संख्या विश्व भर में है। हालांकि वह पिछले एक साल से क्रिकेट से दूर हैं, इसके बावजूद प्रशंसक बड़ी बेसब्री से एमएस धोनी (MS Dhoni) के जन्मदिन का इंतजार कर रहे हैं। 7 जुलाई को वह अपना 39वां जन्मदिन मनाएंगे। इस साल उन्हें वेस्टइंडीज के हरफनमौला और सीएसके के साथी ड्वेन ब्रावो (Dwayne Bravo) उन्हें बेहद खास तोहफा देने जा रहे हैं। ऐसा तोहफा जिसे धोनी जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।
धोनी पर तैयार कर रहे हैं गाना
डीजे ब्रावो (DJ Bravo) के नाम से मशहूर यह दिग्गज हरफनमौला जितना अच्छा क्रिकेटर है, उतना ही अच्छा गायक भी। वह धोनी पर गाना तैयार कर रहे हैं और यह लगभग आखिरी स्टेज पर पहुंच गया है। बस इसे अपडेट करना बाकी है। सारी तैयारी पूरी हो जाने के बाद ब्रावो ने अपने और धोनी के प्रशंसकों से पूछा था कि उन्हें क्या यह गाना माही के जन्मदिन (Birthday on MS Dhoni) पर रिलीज करना चाहिए? इस पर अधिकतर प्रशंसकों ने कहा था कि हां, ऐसा ही करना चाहिए।
हेलीकॉप्टर डांस भी होगा इस गाने के वीडियो में
क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी का ट्रेडमार्क माना जाता है, उनका हेलीकाप्टर शॉट (Helicopter Shot)। धोनी की बल्लेबाजी की जब भी बात होती है तो वह बात बिना इस शॉट के पूरी नहीं होती। इसी कारण डीजे ब्रावो ने अपने गाने के वीडियो में एक हेलीकॉप्टर डांस (Helicopter Dance) डाला है। ब्रावो ने बताया कि उनके पास एक डांस भी है। इसे हेलीकॉप्टर कहा गया है। ब्रावो ने बताया कि उन्होंने प्रशंसकों से हेलीकॉप्टर डांस का वर्जन मांगा था। कई डांस आए हैं। वह इनमें से सबसे बेहतरीन डांस को चुनेंगे और उसे एमएस धोनी का अधिकारिक डांस बनाएंगे।
प्रशंसकों को है धोनी के मैदान पर वापसी का इंतजार
बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी पिछले साल हुए आईसीसी एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप 2019 (ICC ODI Cricket World Cup 2019) के बाद से ही क्रिकेट मैदान से दूर हैं। वह आईपीएल 20 के जरिये मैदान पर वापसी करने वाले थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह लीग 29 मार्च से होने वाली थी, लेकिन कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण देश में लगे लॉकडाउन के कारण आईपीएल का 13वां सीजन अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। इसी के साथ टल गई है महेंद्र सिंह धोनी की मैदान पर वापसी। मगर अब ऐसी उम्मीद बंध रही है कि अगर आईसीसी टी-20 विश्व कप रद्द होता है तो उस विंडो में आईपीएल हो सकता है। धोनी के प्रशंसक बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे हैं।