क्रिकेट

ENG vs IND: इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को हराकर सीरीज़ में की बराबरी, शतक से चूके जो रुट

England vs India 2nd ODI: इंग्लैंड ने भारत को 3 वनडे मैचों की सीरीज़ के दूसरे मैच में हराकर सीरीज़ में बराबरी कर ली है। इंग्लैंड ने यह मैच 4 विकेट से जीता।
2 min read
Jul 17, 2026
ENG defeats IND
इंग्लैंड ने भारत को दूसरे वनडे मैच में हराया (Photo - England Cricket)

इंग्लैंड (England) के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज़ के दूसरे मैच में भारत (India) हो हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने 4 विकेट से यह मैच जीतते हुए सीरीज़ में बराबरी कर ली है। वेल्स के कार्डिफ में सोफिया गार्डन्स क्रिकेट ग्राउंड में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 44 ओवर में 233 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में इंग्लिश टीम ने 44.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाते हुए जीत हासिल की। अब इस सीरीज़ का फैसला तीसरे मैच से होगा जो रविवार, 19 जुलाई को खेला जाएगा।

शतक से चूके जो रुट

इंग्लैंड की जीत में जो रुट (Joe Root) ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 133 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 99 रन की नाबाद पारी खेली।

कोहली-अय्यर के अर्धशतक बेकार

भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) और विराट कोहली (Virat Kohli) ने बनाए। अय्यर ने 71 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 66 रन की पारी खेली। वहीँ कोहली ने 66 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 65 रन बनाए। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने 47 गेंदों पर 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 26 रन बनाए तो वहीँ कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने 30 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 31 रन की पारी खेली। इसके अलावा इंग्लैंड की गेंदबाजी के सामने कोई भी अन्य बल्लेबाज नहीं चला, जिसकी वजह से भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। आखिरी में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने 13 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 20 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से साथ नहीं मिला।

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मैच के बाद रोहित की हो सकती है विदाई?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज़ का तीसरा मैच रोहित का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है और इसके बाद उनकी विदाई हो सकती है। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई सलेक्शन कमेटी (BCCI Selection Committee) ने रोहित को कह दिया है कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ के बाद उन्हें टीम में शामिल नहीं करने पर विचार किया जा रहा है और इसके साथ ही अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी रोहित भारतीय टीम के प्लान में शामिल नहीं हैं।