T20 World Cup 2026: कोलंबो में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर ग्रुप 2 के सेमीफाइनल की रेस को और रोमांचक बना दिया है।
England vs New Zealand Super 8 Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 49वें मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया है। इस जीत से पाकिस्तान से सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बच गई हैं। हालांकि कीवी टीम हार कर भी सेमीफाइनल की रेस से बाहर नहीं हुई है। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 159 रन बनाए। 160 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 6 विकेट खोकर आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत से इंग्लैंड के ग्रुप 2 में 6 अंक हो गए हैं।
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही। टिम सेफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। सातवें ओवर में न्यूजीलैंड को पहला झटका लगा और टिम सेफर्ट 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद फिन एलन 19 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
रचिन रविंद्र कुछ खास नहीं कर सके और 11 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। न तो मार्क चैपमैन का बल्ला चला और न ही डैरिल मिचेल और न कप्तान मिचेल सैंटनर कोई बड़ा योगदान दे सके। कॉल मैकेंजी ने 14 रन बनाकर टीम को 150 के पार पहुंचाया। इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद, विल जैक्स और रिहान अहमद ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि लियाम डॉसन ने एक विकेट हासिल किया। जोफ्रा आर्चर ने तीन ओवर में एक मेडन डालते हुए 24 रन खर्च किए, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। दोनों सलामी बल्लेबाज फ्लॉप रहे और टीम 2 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। जोस बटलर खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान हैरी ब्रूक 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जैकब बेथेल 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 100 रन पर इंग्लैंड ने अपने पांच विकेट गंवा दिए थे।
यहां से ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड मैच का पासा पलट देगी, लेकिन विल जैक्स ने न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने नाबाद 18 गेंदों में 32 रनों की पारी खेलकर इंग्लैंड को जीत दिला दी। अब न्यूजीलैंड एक ही कंडीशन में सेमीफाइनल में पहुंचेगी, अगर पाकिस्तान की टीम श्रीलंका से हार जाए। लेकिन अगर पाकिस्तान की टीम बड़े अंतर से श्रीलंका को हरा देती है, तो न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा और पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।