
Most Runs in Home Test Cricket: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच आज से टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी। तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले में पहली पारी में ही जो रूट के पास टेस्ट क्रिकेट के इतिहास को बदलने का मौका होगा। रूट ने अब तक घरेलू टेस्ट सीरीज की 87 पारियों में 7500 रन बनाए हैं और वह सिर्फ रिकी पोंटिंग से पीछे हैं, जिन्होंने 92 टेस्ट मैचों में 7578 रन बनाए हैं। अगर पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में रूट 79 रन बना लेते हैं, तो वह टेस्ट इतिहास में अपने घर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
सचिन तेंदुलकर ने 94 मैचों में 7216 रन बनाए हैं और वह तीसरे स्थान पर हैं, जबकि श्रीलंका के महेला जयवर्धने 7167 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं। इसके अलावा जैक कैलिस ने 7035 रन बनाए हैं और वह पांचवें स्थान पर हैं। लीड्स में भी जो रूट का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 11 टेस्ट में यहां 763 रन बनाए हैं। रूट इंग्लैंड के लिए इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। अगर वह पहले टेस्ट में 135 रन बना लेते हैं, तो वह हेडिंग्ले में गॉफ बॉयकॉट के 897 रनों को पछाड़कर इंग्लैंड के लिए इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
जो रूट अब तक 166 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिनकी 304 पारियों में उन्होंने 14,114 रन बनाए हैं। जो रूट सचिन तेंदुलकर के 15,921 रनों के रिकॉर्ड से ज्यादा दूर नहीं हैं। अगर वह दो साल और खेलते हैं, तो सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़कर दुनिया के सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। रूट के नाम 41 टेस्ट शतक और 67 अर्धशतक भी हैं। वह इस मामले में भी सचिन के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। सचिन के नाम टेस्ट में 51 शतक और 68 अर्धशतक दर्ज हैं। ऐसे में 2 अर्धशतक लगाकर रूट उनके अर्धशतकों का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड को तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। सीरीज का दूसरा मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स में 27 अगस्त से और आखिरी मुकाबला बर्मिंघम में 9 सितंबर से खेला जाएगा।