क्रिकेट

ENG-W vs IND-W: मंधाना के शतक और चरणी की फिरकी में फंसी इंग्लैंड, भारत की T-20 में बड़ी जीत

ENG-W vs IND-W: ट्रेंट ब्रिज में खेले गए सीरीज के पहले महिला टी-20 मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 97 रन से हराया।

2 min read
Jun 28, 2025
Indian Women (Photo Credit- BCCI Women)

ENG-W vs IND-W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पांच टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में शनिवार को इंग्लैंड को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। ट्रेंट ब्रिज में खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 97 रन से हराया। भारतीय टीम ने इंग्लैंड को जीत के लिए 211 रन का लक्ष्य दिया था, लेकिन मेजबान टीम 14.5 ओवर में 113 रन पर सिमट गई।

211 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 9 के स्कोर पर अपने दोनों ओपनर खो दिए। सोफिया डंकले 7 और डेनी व्याट शून्य पर आउट हुई। तीसरे नंबर पर उतरी नेट साइवर ब्रंट एकमात्र सफल बल्लेबाज रही। नेट ने 42 गेंद पर 10 चौके की मदद से 66 रन बनाए। इसके अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिक पाई। आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। भारतीय बल्लेबाजों की तरह गेंदबाजों ने भी धमाकेदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को 113 रन पर समेट दिया।

श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी की और 3.5 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर चार विकेट झटके। इसके अलावा दीप्ति शर्मा ने तीन ओवर में 32 रन देकर दो और राधा यादव ने दो ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए। अमनजोत कौर और अरुंधती रेड्डी को एक-एक विकेट मिला।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। भारत की तरफ से कप्तान स्मृति मंधाना ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। मंधाना ने 62 गेंद पर तीन छक्के और 15 चौके लगाते हुए 112 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरी हरलीन देओल ने 23 गेंद पर सात चौके की मदद से 43 रन की पारी खेली थी। शेफाली वर्मा 22 गेंद पर 20 रन बनाकर आउट हुई। इसके अलावा अन्य किसी बल्लेबाज का बल्ला नहीं चला।

इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट लिए। एमिली एरलॉट और सोफी एक्लेस्टोन को एक-एक विकेट मिला था। सोफी एक्लेस्टोन सबसे महंगी रहीं और तीन ओवर में उन्होंने 43 रन लुटाए।

Also Read
View All

अगली खबर