
Stephen Fleming England Coach: इंग्लैंड टेस्ट टीम को अब एक नया विदेशी कोच मिल गया है। एमएस धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को अपनी कोचिंग से 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले स्टीफन फ्लेमिंग अब इंग्लैंड टेस्ट टीम की बागडोर संभालेंगे। हाल ही में उन्होंने 17 साल बाद CSK के हेड कोच का पद छोड़ा था।
ब्रेंडन मैकुलम को बर्खास्त किए जाने के बाद से ही इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) को नए कोच की तलाश थी। हालांकि, अगस्त-सितंबर 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में फ्लेमिंग टीम के साथ नहीं होंगे। इस सीरीज के लिए पूर्व इंग्लिश ओपनर मार्कस ट्रेस्कोथिक को अंतरिम कोच बनाया गया है। द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लेमिंग दिसंबर 2026 में साउथ अफ्रीका दौरे से पूरी तरह से हेड कोच का पद संभाल लेंगे।
हेड कोच बनने के सिलेक्शन प्रोसेस में फ्लेमिंग ने रिचर्ड डॉसन और जोनाथन ट्रॉट को पीछे छोड़ा है। दिलचस्प बात यह है कि ECB की पहली पसंद जिम्बाब्वे के दिग्गज और RCB के मौजूदा कोच एंडी फ्लावर थे। लेकिन फ्लावर ने यह कहते हुए ऑफर ठुकरा दिया कि वह आईपीएल और अपनी मौजूदा फ्रेंचाइजी टीमों के साथ काम करके खुश हैं और दोनों जिम्मेदारियां एक साथ नहीं निभा सकते।
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड की टेस्ट टीम को कोचिंग देने वाले 5वें विदेशी (नॉन-इंग्लिश) कोच बनेंगे। उनसे पहले डंकन फ्लेचर (1997-2000), एंडी फ्लावर (2009-2014), ट्रेवर बेलिस (2015-2019) और ब्रेंडन मैकुलम (2022-2026) यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
फ्लेमिंग ने इससे पहले किसी भी नेशनल टीम को कोचिंग नहीं दी है, लेकिन उनके पास अनुभव की कोई कमी नहीं है। उन्होंने 17 सालों तक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को कोचिंग दी और 5 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टाइटल जिताए। पुणे सुपर जायंट्स (2016-17), जोबर्ग सुपर किंग्स (SA20) और टेक्सास सुपर किंग्स (MLC) के हेड कोच रहे। इंग्लैंड में सदर्न ब्रेव को द हंड्रेड के 2023 और 2024 सीजन के नॉकआउट तक पहुंचाया।
एक खिलाड़ी के तौर पर भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 111 टेस्ट, 280 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं, जिसमें उनके नाम 15,000 से ज्यादा रन दर्ज हैं। वह कीवी टीम के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी रहे हैं, जिनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने 80 में से 28 टेस्ट जीते। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि उनका यह अनुभव टीम के काम आएगा।