क्रिकेट

Eng vs Ind: ट्रेंट ब्रिज में सिर्फ एक बार भिड़े हैं भारत-इंग्‍लैंड, जब सूर्यकुमार यादव के शतक बावजूद हार गई थी टीम इंडिया

Eng vs Ind Trent Bridge record: भारत और इंग्‍लैंड के बीच आज मंगलवार को ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। जहां चार साल पहले इन दोनों के बीच पहला और आखिरी मुकाबला खेला गया था। आइये आपको बताते हैं कि उस मैच में क्‍या हुआ था?
2 min read
• •
Jul 07, 2026
High expectations from Vaibhav Suryavanshi and Shivam Dube in the fourth T20 in England
Vaibhav Suryavanshi - अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS)

England vs India Trent Bridge record: भारत और इंग्‍लैंड के बीच तीसरा मुकाबला मंगलवार को भारतीय समयानुसार, रात 10 बजे से नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज ग्राउंड पर खेला जाना है। पांच मैचों की इस सीरीज का पहला मैच बारिश से धुलने के बाद दूसरे मैच में मेजबान इंग्‍लैंड ने चार विकेट से जीत दर्ज करते हुए 1-0 से बढ़त बना ली है। अब यहां से सीरीज जीतने के लिए टीम इंडिया को सभी मैच जीतने होंगे, लेकिन ट्रेंट ब्रिज में इंग्‍लैंड का रिकॉर्ड श्रेयस अय्यर एंड कंपनी को डरा सकता है।

सूर्यकुमार यादव ने 212 के स्‍ट्राइक रेट से कूटे थे 117 रन

बता दें कि भारत और इंग्‍लैंड के बीच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में सिर्फ एक मैच खेला गया है, जिसमें मेजबान टीम ने भारत के खिलाफ 17 रन से जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्‍तान रोहित शर्मा थे और सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 55 गेंदों पर 14 चौकों और 6 छक्‍कों की सहायता से करीब 212 के स्‍ट्राइक रेट से 117 रनों की तूफानी पारी खेली थी।

2022 में खेला गया था पहला और आखिरी मैच

10 जुलाई 2022 को खेले गए उस मैच में इंग्‍लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 215 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए थे। डेविड मलान ने 39 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्‍कों की मदद से सबसे ज्‍यादा 77 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी। जबकि लियाम लिविंगस्‍टोन ने 29 गेंदों पर चार छक्‍कों की मदद से 42 रन बनाए थे। अन्‍य कोई बल्‍लेबाज 30 के आंकड़े को भी नहीं छू सका था। वहीं, भारत की ओर से रवि बिश्‍नोई और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट तो आवेश खान और उमरान मलिक ने एक-एक विकेट लिया था।

8 बल्‍लेबाज सिंगल डिजिट में सिमटे

216 के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उसने महज पांच ओवर में 31 के स्‍कोर पर अपने शीर्ष बल्‍लेबाज ऋषभ पंत, विराट कोहली और रोहित शर्मा के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर उतरे और आते ही मैदान के चारों और बड़े शॉट खेलने शुरू कर दिए।

उनके और श्रेयस अय्यर के बीच चौथे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और इंग्‍लैंड ने भारत की मुट्ठी से मैच छीन लिया। इस मैच सूर्या ने 117 रन और श्रेयस अय्यर ने 28 रन की पारी खेली। इस मैच में भारत के 8 बल्‍लेबाज सिंगल डिजिट में सिमट गए थे और टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 198 रन ही बना सकी।

Updated on:
07 Jul 2026 12:38 pm
Published on:
07 Jul 2026 12:38 pm