
भारतीय महिला क्रिकेटर पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा। (Photo- X/@cricbuzz)
Punam Raut has announced her retirement: भारतीय महिला क्रिकेटर पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। उन्होंने इसकी घोषणा 15 अक्टूबर को सोशल मीडिया पोस्ट में की। 4 टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी को लंबे समय से मौका नहीं मिल रहा था। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए आखिरी बार 2021 से खेला था।
37 वर्षीय पूनम ने अपने करियर का समापन करते हुए सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर लिखा, 'मुंबई की गलियों से लेकर भारतीय जर्सी पहनने तक का यह सफर किसी आशीर्वाद से कम नहीं रहा। यह सफर त्याग, संघर्ष, अविस्मरणीय जीत, मुश्किल सबक और जीवनभर संजोकर रखने वाले अनगिनत पलों से भरा रहा।'
पूनम राउत ने आगे लिखा, 'भारत का प्रतिनिधित्व करना सिर्फ एक सपना पूरा होने तक सीमित नहीं था, बल्कि यह एक ऐसा सौभाग्य था, जिसे मैंने हमेशा अपार गर्व के साथ अपने दिल में संजोकर रखा। आज जब मैं अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के इस अध्याय को विराम दे रही हूं, तो मेरा दिल उन सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता से भरा है, जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया, हर कदम पर मेरा साथ दिया और मेरी इस यात्रा का हिस्सा बने।'
उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'क्रिकेट ने मुझे सिर्फ एक करियर नहीं दिया, बल्कि मुझे एक उद्देश्य, एक पहचान और एक परिवार दिया। मेरे अंदर की खिलाड़ी भले ही अब मैदान से विदा ले रही है, लेकिन इस खेल के प्रति मेरा प्यार कभी रिटायर नहीं होगा। मेरी अगली पारी उस खेल को कुछ लौटाने के लिए है, जिसने मुझे सब कुछ दिया।'
पूनम ने मार्च 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ महिला वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए खेलते हुए पूनम ने 73 वनडे में 34.83 की औसत से कुल 2,299 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। पूनम राउत ने 35 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया और 719 रन बनाए, जबकि चार महिला टेस्ट मैचों में उन्होंने 264 रन बनाए। महिला टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 130 रन था, जिसे उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2014 में बनाया था।
पूनम राउत इंग्लैंड में 2017 महिला वनडे वर्ल्ड कप में उपविजेता रही भारतीय टीम का हिस्सा थीं। वह मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में 86 रन बनाए थे। वह तीन महिला वनडे वर्ल्ड कप और 4 महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम हिस्सा थीं।
Updated on:
15 Oct 2026 10:32 pm
Published on:
15 Oct 2026 09:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
