
नई दिल्ली। गेंद और बल्ले के संघर्ष के बीच खेला जाने वाला क्रिकेट यदि इतना लोकप्रिय है तो उसके पीछे कीर्तिमानों का बड़ी भूमिका है। क्रिकेट के मैदान में नित नए रिकॉर्ड बनते है - टूटते है। ये वो रिकॉर्ड है, जो मैच के समीकरणों को प्रभावित करते है। क्रिकेट के दीवाने रिकॉर्ड्स को जानने के लिए हमेशा उत्सुक रहते हैं। कई बार क्रिकेट में कई ऐसे रिकॉर्ड्स भी बन जाते है, जिसे लंबे समय तक तोड़ पाना मुश्किल होता है। एक ऐसा ही रिकॉर्ड लंबे समय बाद पाकिस्तान के बल्लेबाज फखर जमां ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रविवार को तोड़ा था।
38 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त-
फखर जमां ने रविवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए अंतिम वनडे मैच में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया था। फखर ने ये उपलब्धि अपनी 18वीं पारी में हासिल कर ली। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्ट इंडीज के दिग्गज बल्लेबाज सर विव रिचर्ड्स के नाम पर था। रिचर्ड्स ने 21वीं पारी में यह कारनामा किया था। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के साथ-साथ फखर ने इस सीरीज के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।
फखर जमां के रिकॉर्ड्स-
पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के संपन्न हुए इस सीरीज में फखर जमां ने दोहरा शतक भी लगाया। वो पाकिस्तान की ओर से ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज है। साथ ही फखर ने इस सीरीज के दौरान एक ऐसा भी रिकॉर्ड बनाया, जिसे तोड़ने के लिए दिग्गज बल्लेबाजों को भी केवल फॉर्म ही नहीं किस्मत की भी जरुरत होगी।
क्या है वो रिकॉर्ड-
फखर ने इस सीरीज में कुल 515 रन बनाए। मतलब पांच मैचों में 515 रन। रन के हिसाब से देखे तो प्रति मैच में 100 से भी ज्यादा रन। वो पांच मैचों की किसी सीरीज में सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए है। इस सीरीज के दौरान फखर ने 60, 117, 43, 210, और 85 रनों की पारी खेली। बेशक फखर ने एक कमजोर टीम के खिलाफ ये रिकॉर्ड बनाया है। लेकिन रिकॉर्ड तो रिकॉर्ड होता है। अब जब यह बन चुका है तो इसे तोड़ने के लिए अन्य क्रिकेटरों को केवल फॉर्म ही नहीं किस्मत की भी जरुरत होगी।