क्रिकेट

गौतम गंभीर के कोचिंग स्‍टाफ में बड़े बदलाव शुरू, रायन टेन डोएशेट के बाद अब फील्डिंग कोच टी दिलीप की भी होगी छुट्टी

Team India के हेड कोच गौतम गंभीर के कोचिंग स्‍टाफ में बड़े फेरदबल की तैयारी शुरू हो गई है। रायन टेन डोएशेट के टीम इंडिया का असिस्टेंट कोच का पद छोड़ने के बाद अब फील्डिंग कोच टी दिलीप की भी छुट्टी हो सकती है। रिपोर्ट की मानें तो उनकी जगह सुभादीप घोष ले सकते हैं।
2 min read
Jul 28, 2026
Gautam Gambhir
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर (Photo - IANS)

Team India: इंग्‍लैंड दौरे भारतीय टीम की असफलता के बाद हेड कोच गौतम गंभीर के स्‍टाफ में बदलाव की कवायद शुरू हो गई है। रायन टेन डोएशेट ने भारतीय मेन्स टीम का असिस्टेंट कोच का पद छोड़ दिया है। रिपोर्ट में इसके पीछे की वजह उनका दो साल का कार्यकाल खत्म होना बताया जा रहा है। उनके अलावा टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप कार्यकाल भी पहले ही खत्‍म हो चुका है, जिसे रिन्‍यू नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि भारत के नए फील्डिंग कोच की जिम्‍मदारी सुभादीप घोष को सौंपी जा सकती है।

टी दिलीप नहीं जाएंगे श्रीलंका के दौरे पर!

टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, टेन डोएशेट और टी दिलीप का आखिरी असाइनमेंट भारत का व्हाइट-बॉल इंग्लैंड टूर था। इसलिए, दोनों अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ ट्रैवल नहीं करेंगे। जबकि सुभादीप घोष अपने पहले असाइनमेंट के तौर पर श्रीलंका के दौरे पर जाएंगे। घोष इससे पहले भारत ए के फील्डिंग कोच रह चुके हैं।

डोएशेट ने ठुकराया बीसीसीआई का ऑफर

बताया जा रहा है कि इंग्लैंड टूर के दौरान ही टेन डोएशेट ने बोर्ड को अपने पद से हटने के फैसले की जानकारी दे दी थी। हालांकि बीसीसीआई ने उन्‍हें कॉन्‍ट्रेक्‍ट रिन्‍यू करने का ऑफर ऑफर दिया था, लेकिन उन्‍होंने व्‍यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए ऑफर ठुकरा दिया। डोएशेट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार ट्रैवल शेड्यूल से दूर रहने का फैसला किया। इस बीच खबर आ रही है कि फील्डिंग कोच टी दिलीप भी अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद नेशनल टीम छोड़ रहे हैं। वह श्रीलंका के आने वाले टेस्ट दौरे के लिए टीम इंडिया के साथ यात्रा नहीं करेंगे।

गौतम गंभीर के करीबी माने जाते हैं टेन डोएशेट

बता दें कि भारत के 2024 का टी20 वर्ल्‍ड कप जीतने के बाद राहुल द्रविड़ की जगह गौतम गंभीर को नया हेड कोच नियुक्‍त किया गया था। उनके बाद टेन डोएशेट भी जुलाई 2024 में भारतीय कोचिंग सेटअप में शामिल हुए। केकेआर में अपने सफल कार्यकाल के दौरान गंभीर के साथ मिलकर काम करने के बाद नीदरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर डोएशेट को गंभीर ने ही बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल के साथ स्‍टाफ में जगह दी थी, जो कि उनके चहेतों में से एक माने जाते हैं।

Updated on:
28 Jul 2026 08:36 pm
Published on:
28 Jul 2026 08:22 pm