क्रिकेट

‘मुझे उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग देखने की जरूरत नहीं’, बुमराह को लेकर फिन एलन ने ऐसा क्यों कहा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की भिड़ंत अहमदाबाद में होगी। मुकाबले से पहले फिन एलन ने जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा बयान दिया है।

2 min read
Mar 08, 2026
फिन एलन (फोटो- IANS)

IND vs NZ, T20 World Cup 2026 Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होने वाला है, जहां अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। आपको बता दें कि इससे पहले दोनों टीमें आईसीसी इवेंट्स के खिताबी मुकाबलों में तीन बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें से दो बार न्यूजीलैंड को जीत मिली है, जबकि एक बार भारत को सफलता मिली है।

ये भी पढ़ें

T20 वर्ल्डकप के फाइनल में कैसा रहा है टीम इंडिया का प्रदर्शन, देखें पूरा इतिहास

सेमीफाइनल में दोनों टीमों का धमाकेदार प्रदर्शन

ऐसे में जब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी, तो किसी एक को दावेदार कहना गलत होगा। दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और जिस तरह का सेमीफाइनल में प्रदर्शन रहा है, उसे देखते हुए किसी एक को फेवरेट नहीं कहा जा सकता है। न्यूजीलैंड ने जहां सेमीफाइनल में टूर्नामेंट में अजेय रही साउथ अफ्रीका को मात दी थी और उस मुकाबले में फिन एलन ने तूफानी शतक जड़ा था। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत के लिए संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह ने कमाल का प्रदर्शन किया था।

अब जब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी, तो सबकी नजर जसप्रीत बुमराह और फिन एलन की भिड़ंत पर भी रहेगी। फिन एलन ने जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें बुमराह की गेंदबाजी के फुटेज देखने की कोई जरूरत नहीं है और टीम काफी रिलैक्स है। एलन ने कहा कि जसप्रीत बुमराह की गेंदों को खेलना उन्हें काफी अच्छा लगता है और ऐसा पहली बार नहीं होगा जब वह बुमराह का सामना करेंगे। ऐसे में उन्हें उनकी गेंदबाजी के वीडियो देखने की जरूरत नहीं पड़ती।

फिन एलन ने कहा कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब एक लाख से ज्यादा लोग टीम इंडिया को सपोर्ट कर रहे होंगे, उस दौरान बुमराह की गेंदों का सामना करना वाकई बड़ी बात होगी। उस समय हमारा ध्यान सिर्फ उनकी गेंदों को सही तरीके से खेलने पर होगा।

सबसे कंजूस गेंदबाज रहें हैं बुमराह

इस टूर्नामेंट में अब तक जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने सात मैचों में 10 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 159 रन खर्च किए हैं। बुमराह टूर्नामेंट के अब तक सबसे किफायती गेंदबाजों में से एक हैं, जिन्होंने सिर्फ 6.62 की इकॉनमी से रन दिए हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है और मैच का नतीजा भी काफी हद तक तय कर सकता है।

Also Read
View All

अगली खबर