क्रिकेट

क्रिकेट इतिहास की इकलौती घटना, जब हैट्रिक का जश्न एक दिन बाद मना

5 जनवरी 1971 को पहला वनडे क्रिकेट मैच खेला गया था। इसके 11 साल बाद वनडे क्रिकेट की पहली हैट्रिक ली गई थी।
2 min read
• •
Updated: 12 Jun 2018, 12:57 PM IST
odi
क्रिकेट इतिहास की इकलौती घटना, जब हैट्रिक का जश्न एक दिन बाद मना

नई दिल्ली। हैट्रिक - तीन लगातार गेंदों पर तीन विकेट, तीन सिक्स या तीन चौका लगाना, इसे क्रिकेट की दुनिया में बड़ी उपलब्धि कही जाती है। खास कर गेंदबाजों के लिए हैट्रिक विकेट चटकाना बहुत बड़ी बात मानी जाती है। हैट्रिक विकेट लेकर गेंदबाज विपक्षी टीम की बखियां उखेड़ देता है। हैट्रिक का महत्व तब और बढ़ जाता है, जब आपकी टीम पर हार की तलवार लटक रही हो। मैदान पर इस घटना को होते देखना न केवल दर्शकों के लिए बल्कि क्रिकेटरों के लिए भी रोमांचकारी होता है। यहां हम आपको उस घटना के बारे में बता रहे है, जब हैट्रिक का जश्न एक दिन बाद मना।

36 साल पहले ली गई थी पहली हैट्रिक-
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में हैट्रिक की शुरुआत 36 साल पहले हुई थी। 20 सितंबर 1982 को वनडे क्रिकेट में पहली बार किसी गेंदबाज ने तीन लगातार गेंदों पर तीन बल्लेबाजों को आउट किया था। यह कारनामा पाकिस्तान के तेज गेंदबाज जलालुद्दीन ने किया था। आस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए इस मैच में जलालुद्दीन की घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने 59 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी। लेकिन आपको जान कर यह आश्यर्य होगा कि जलालुद्दीन हैट्रिक का जश्न एक दिन के बाद मना सके थे।

पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के बीच था मुकाबला-
पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के बीच खेला गया यह मैच 40 ओवरों का था। जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम ने मोहसिन खान के शतक के दम पर 229 रनों का स्कोर खड़ा किया था। 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कंगारू टीन ने इस मैच में बेहतरीन शुरुआत की थी। कंगारू टीम के सलामी बल्लेबाजों ने बिना कोई विकेट गंवाए 23 ओवरों में 104 रन लगा दिए थे। हालांकि इसके बाद तौसीफ अहमद ने तीन बल्लेबाजों को आउट कर स्कोर 109/3 कर दिया।

इस तरह ली गई थी हैट्रिक-
तीन बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कंगारू टीम संतुलित बल्लेबाजी के दम पर फिर से जीत की बढ़ती दिख रही थी। लेकिन तभी जलालुद्दीन ने हैट्रिक विकेट हासिल कर पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित कर दी। जलालुद्दीन ने अपने ओवर की चौथी गेंद पर रोडनी मार्श को बोल्ड किया। पांचवीं गेंद पर ब्रूस यार्डले को कैच आउट कराया। इसके बाद ओवर की अंतिम गेंद पर जलालुद्दीन ने ज्योफ लॉसन को बोल्ड कर अपनी हैट्रिक पूरी की। यह वनडे क्रिकेट की पहली हैट्रिक थी।

जश्न एक दिन के बाद मना-
तीन बल्लेबाजों को लगातार आउट करने से जलालुद्दीन खुश तो खूब थे। लेकिन उनकी ये खुशी एक दिन बाद तब और बढ़ गई जब रिकॉर्ड बुक देखने के बाद उन्हें यह बताया गया कि यह वनडे क्रिकेट की पहली हैट्रिक है। इस तरह से क्रिकेट इतिहास में जलालुद्दीन का नाम इस एक मैच के कारण दर्ज हो गया। जलालुद्दीन आज (12 जून) अपना 59वां जन्मदिन मना रहे है। ऐसे में उनकी जन्मदिन पर यह जानकारी और खास हो जाती है। आपको बता दें कि फिलहाल जलालुद्दीन पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता हैं।

Published on: