क्रिकेट

Gary Kirsten बोले, MS Dhoni जैसा इंसान नहीं देखा, उनके लिए पूरी टीम की ट्रिप कर दी थी कैंसिल

Gary Kirsten ने कहा कि Captain Cool Mahendra Singh Dhoni ने उन्हें हमेशा अपनेपन का एहसास दिलाया। वह उन्हें भूल नहीं सकते।

2 min read
Kirsten said Dhoni has a special relationship

नई दिल्ली : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) और तत्कालीन कोच रहे गैरी कर्स्टन (Gary Kirsten) के बीच आपसी समझ काफी अच्छी थी। इसकी मिसाल सिर्फ 2011 का एकदिवसीय विश्व कप (ICC ODI World Cup 2011) ही नहीं और भी कई चीजें हैं। इनमें से एक यह है कि गैरी कर्स्टन आज भी महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को मिस करते हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन कूल (Captain Cool) ने उन्हें हमेशा अपनेपन का एहसास दिलाया। 2011 विश्व कप से पहले की बात याद करते हुए कर्स्टन ने कहा कि धोनी पूरी टीम ट्रिप सिर्फ इसलिए रद्द कर दी थी कि उसमें गैरी को जाने की इजाजत नहीं थी। बता दें कि इस ट्रिप के रद्द होने के कुछ ही समय बाद 2011 का विश्व कप खेला गया था। इसमें 28 साल के भारत के लंबे इंतजार को इसी कोच और कप्तान की जोड़ी ने खत्म किया था।

नहीं देखा धोनी जैसा इंसान

गैरी कर्स्टन ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी उनके साथ काफी समय बिताते थे। जब टीम हार रही होती थी तो वह इस बारे मे बैठ कर बात करते थे। टीम को आगे बढ़ाने और मैच में वापस लाने के लिए योजनाएं बनाते थे। कर्स्टन ने कहा कि महज तीन सालों में उन्होंने धोनी के साथ काफी मजबूत रिश्ता कायम कर लिया था। यू-ट्यूब पर एक वीडियो शेयर करते हुए कर्स्टन ने कहा कि धोनी की निष्ठा उन्हें बहुत खास बनाती है। इससे भी एक कदम आगे जाकर गैरी ने यहां तक कहा कि उन्होने धोनी जैसा जैसा इंसान आज तक नहीं देखा।

लीडर के तौर पर शानदार थे धोनी

कर्स्टन ने कहा कि वह टीम के बारे में बहुत सोचते थे। एक लीडर के तौर पर वह शानदार थे। कर्स्टन ने बताया कि 2011 विश्व कप से पहले पूरी टीम को बैंगलोर के फ्लाइट स्कूल में जाने का निमंत्रण मिला था। लेकिन सुरक्षा कारणों से टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल विदेशियों को वहां जाने की अनुमति नहीं थी। इस फ्लाइट स्कूल के ट्रिप पर वह, पैडी अप्टन (Paddy Upton) और एरिक सिमंस (Eric Simons) नहीं जा सकते थे। जिस दिन इस ट्रिप पर टीम को जाना था, धोनी को उसी दिन इस बारे में पता चला। गैरी ने कहा कि वह इस बात को कभी नहीं भूल सकते कि यह बात पता चलते ही धोनी ने पूरी ट्रिप ही रद्द कर दी थी। इस मौके पर धोनी ने कहा था कि ये तीनों भी इस टीम का हिस्सा हैं और यह उनका परिवार हैं। अगर इन्हें वहां जाने की इजाजत नहीं है तो कोई नहीं जाएगा।

Updated on:
16 Jul 2020 10:17 pm
Published on:
16 Jul 2020 09:06 pm
Also Read
View All