20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में रचा नया इतिहास, पाकिस्तान हारा लेकिन टीम इंडिया को हो गया नुकसान, जानें कैसे

Bangladesh Creates History: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में 78 रन से हराकर इतिहास रच दिया और पहली बार टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ किया। इस जीत के साथ बांग्लादेश वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में भारत से ऊपर पहुंच गया।

2 min read
Google source verification
ban vs pak 2nd test

बांग्लादेश ने रचा इतिहास (फोटो- IANS)

Bangladesh vs Pakistan 2nd Test Highlights: सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ बांग्लादेश की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में भारत से ऊपर पहुंच गया है। बुधवार को पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 121 रन का लक्ष्य था और उसके 7 विकेट गिर चुके थे। ऐसे में अंतिम दिन हार से बचना पाकिस्तान के लिए मुश्किल लग रहा था और हुआ भी ऐसा।

बांग्लादेश ने रचा इतिहास

बांग्लादेश ने 78 रन से यह मुकाबला जीत लिया। पहली पारी में बांग्लादेश ने 278 रन बनाए थे, तो जवाब में पाकिस्तान सिर्फ 232 रन ही बना सका था। दूसरी पारी में बांग्लादेश ने 390 रन बनाकर पाकिस्तान के सामने बड़ा लक्ष्य रखा था, लेकिन पाकिस्तान की दूसरी पारी 358 रन पर सिमट गई। इस तरह बांग्लादेश ने लगातार दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया। टेस्ट इतिहास में बांग्लादेश ने पहली बार पाकिस्तान का सूपड़ा साफ किया है।

टीम इंडिया को हो गया नुकसान

इस जीत के साथ बांग्लादेश वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। इस साइकिल में उसने 4 मैच खेले हैं और 2 जीत दर्ज की हैं, जबकि दोनों मुकाबलों में उसने पाकिस्तान को हराया है। उनकी जीत प्रतिशत 58.33 हो गई है। बांग्लादेश की जीत के साथ भारतीय टीम को भी नुकसान हुआ है। भारतीय टीम पांचवें से छठे स्थान पर खिसक गई है। उसके 9 मैचों में 52 अंक हैं और जीत प्रतिशत 48.15 है। पाकिस्तान की टीम अब सातवें से आठवें स्थान पर खिसक गई है और उसके 4 मैचों के बाद जीत प्रतिशत सिर्फ 8.33 है।

इस मुकाबले के लिए लिटन दास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने पहली पारी में 126 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। दास ने दूसरी पारी में भी महत्वपूर्ण 69 रन बनाए थे। वहीं, मुशफिकुर रहीम को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, जिन्होंने इस सीरीज की सबसे बड़ी पारी खेली थी। उन्होंने पहली पारी में 23 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में 137 रन की शानदार पारी खेली।

घर में घुसकर पाक को दे चुकी है शिकस्त

बांग्लादेश की टीम साल 2000 से टेस्ट खेल रही है और 2004 में उसे पहली सफलता मिली थी, जब उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत हासिल की थी। 2009 में उसने वेस्टइंडीज को हराया और उसके बाद आयरलैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ भी जीत हासिल की। 2016 में इंग्लैंड को एक मैच में हराकर उसने सनसनी जरूर मचाई लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ सीरीज जीत का इंतजार खत्म नहीं हुआ। 2024 में बांग्लादेश ने वो भी कर दिखाया और पाकिस्तान को घर में घुसकर 2-0 से शिकस्त दी। इस बार अपने घर में उसने पाकिस्तान का सूपड़ा साफ कर नया इतिहास रच डाला।