
वैभव सूर्यवंशी आउट होकर पवेलियन लौटते हुए (फोटो- IANS)
Team India Selection Update: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में वैभव सूर्यवंशी के पास ऑरेंज कैप है। 13 मैचों में 44.54 की औसत और 236 के स्ट्राइक रेट से 579 रन बनाने वाले इस उभरते हुए स्टार के टीम इंडिया में शामिल होने की उम्मीद थी।19 मई को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैचों के लिए टीम का ऐलान हुआ, जिसमें उम्मीद जताई जा रही थी कि वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें मौका नहीं दिया।
इस सीजन 53 छक्के लगाने वाले सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और भुवनेश्वर कुमार जैसे गेंदबाजों के खिलाफ भी छक्के लगाए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें भारतीय टीम की वनडे स्क्वॉड में जगह नहीं मिली। ऐसे में चलिए जानते हैं वे 5 वजहें, जिनकी वजह से उन्हें जगह नहीं मिली।
सबसे पहले बताते हैं कि अजित अगरकर ने क्या कहा। टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी से पहले यशस्वी जायसवाल वनडे टीम के प्लान में हैं। अगर किसी को मौका मिलेगा तो पहले जायसवाल को मिलेगा। यही वजह है कि वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह नहीं मिली। लेकिन और भी 4 वजहें ऐसी हैं, जिनकी वजह से सूर्यवंशी को नजरअंदाज किया गया।
वीरेंद्र सहवाग पहले भी उनकी फिटनेस पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर सूर्यवंशी ने अपनी फिटनेस पर काम नहीं किया तो उन्हें टीम इंडिया में जगह मिलना मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा क्रिकेट एक्सपर्ट्स पृथ्वी शॉ का उदाहरण देते हैं, जो फिटनेस की वजह से फॉर्म और लय खो बैठे और आज आईपीएल की प्लेइंग इलेवन में भी जगह पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
कुछ दिन पहले मोहम्मद कैफ ने भी बड़ा बयान दिया था। उन्होंने खुलासा करते हुए बताया कि वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन एक भी कैच नहीं पकड़ा है, जो किसी भी फील्डिंग टीम के लिए काफी निराशाजनक है। अगर फील्ड पर उनका प्रदर्शन ऐसा ही रहा, तो टीम इंडिया की राह मुश्किल हो सकती है और शायद यही वजह रही कि अफगानिस्तान के खिलाफ चुनी गई भारतीय टीम में उन्हें जगह नहीं मिली।
चौथी वजह यह है कि फिलहाल वनडे टीम में ओपनर की जगह खाली नहीं है। अफगानिस्तान के खिलाफ चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में शुभमन गिल और रोहित शर्मा पहले ही ओपनिंग के दावेदार हैं। इसके अलावा टीम में ईशान किशन भी हैं, जो ओपनिंग करते हैं। ऐसे में ओपनर की जगह बची ही नहीं है।
सबसे आखिरी बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी ने अब तक क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में धमाल मचाया है और गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई हैं। शायद यही वजह है कि चयनकर्ता उन्हें पहले टी20 फॉर्मेट में मौका देना चाहते हैं।
Published on:
20 May 2026 09:06 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
