
Gautam Gambhir and Shubman Gill: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू हो रही है। वार्म-अप मैच में जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया इस सीरीज से पहले ग्राउंड पर जमकर पसीना बहा रही है। सोमवार को जहां भारतीय टीम मैदान पर प्रैक्टिस करती नजर आई। वहीं, हेड कोच गौतम गंभीर भारतीय कप्तान शुभमन गिल के साथ काफी देर तक बातचीत करते हुए कैमरे में कैद हुए हैं, जिसे देखकर समझा जा सकता है कि दोनों गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टेस्ट की प्लानिंग पर बात कर रहे हैं।
बता दें कि इस 45 सेकंड के वीडियो को ब्रॉडकास्टर ने अपने कैमरे में कैद किया है, जिसमे कोच और कप्तान के बीच गहरी बातचीत हो रही है। इस दौरान कुछ खिलाड़ी मैदान पर दौड़ लगा रहे हैं, तो कुछ एक्ससाइज कर रहे हैं। इस वीडियो को सोमवार रात करीब 9 बजे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया और कुछ ही देर में इसे हजारों लोगों ने देखा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर पुरुष चयन समिति पहले शुभमन गिल की अगुवाई में 15 सदस्यीय टीम घोषित कर चुकी है। इसके बाद जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन की जगह आकिब नबी और सरफराज खान को टीम में शामिल कर चुकी है। लेकिन, अभी तक श्रीलंका क्रिकेट ने अपनी टीम घोषित नहीं की है। माना जा रहा है कि घरेलू सीरीज होने के चलते श्रीलंकाई टीम घोषित करने में देरी हो रही है। उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में मेजबान श्रीलंका की टीम का भी ऐलान कर दिया जाएगा।
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), सरफराज खान, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़, आकिब नबी, प्रसिद्ध कृष्णा और सारांश जैन।
पहला टेस्ट - 15 से 19 अगस्त (गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम, गॉल)
दूसरा टेस्ट - 23 से 27 अगस्त (सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो)