10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘तुम बेईमानी करते हो’, जब मुरलीधरन की धुनाई होने पर बीच मैदान हुई थी पठान और संगकारा की भिड़ंत

भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्‍ट मैचों की सीरीज शुरू होने से पहले भारत पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने वर्षों पहले हुआ एक मजेदार किस्‍सा सुनाया है। जब बीच मैदान कुमार संगकारा ने भारतीय खिलाड़ियों की परवरिश पर सवाल उठाते हुए बेईमानी के आरोप लगाए थे।
2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Aug 10, 2026

Irfan pathan and kumar sangakkara clashed

मैच के दौरान गुस्‍से में इरफान पठान। (फाइल फोटो सोर्स: एक्‍स@/Oxygen18_ )

श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय टीम 15 अगस्‍त से दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज खेलने जा रही है। आईसीसी वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से दोनों ही देशों के लिए ये सीरीज बेहद ही महत्‍वपूर्ण है। इसलिए पूर्व दिग्‍गजों का भी ध्‍यान इसी पर है। इस सीरीज से पहले पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने एक मजेदार किस्‍सा शेयर किया है। जब दिल्‍ली में खेले जा रहे एक मैच के दौरान बॉल का बॉक्‍स बदल गया था। गौतम गंभीर के साथ ओपनिंग में उतरे पठान ने मुथैया मुरलीधरन को कुछ छक्‍के लगाए तो इस पर पूर्व कप्‍तान कुमार संगकारा बीच मैदान उनसे भिड़ गए। इस दौरान दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। हालांकि कुछ साल बाद दोनों ने एक-दूसरे से माफी मांगकर इस विवाद को खत्‍म किया। 2005 में दिल्‍ली टेस्‍ट में हुए इस किस्‍से को अब पठान ने शेयर किया है।

'बॉल का बॉक्स बदल गया था'

दरअसल, यह घटना भारतीय की बल्‍लेबाजी पारी के दौरान हुई, जब इरफान गंभीर के साथ ओपनिंग करने उतरे थे। बाएं हाथ के इस पठान ने 93 रन की पारी खेली, लेकिन इस पारी में संगकारा के साथ एक उनका झगड़ा भी हुआ, जो शायद ब्रॉडकास्ट कैमरों में कैद नहीं हुआ था।

पठान ने अब जियोहॉटस्‍टार के एक शो में बताया कि दिल्ली में एक टेस्ट मैच था। मैंने बतौर सलामी बल्‍लेबाज 93 रन बनाए थे। पहली पारी के बाद जब हम बॉलिंग करने उतरे, तो बॉल का बॉक्स बदल गया था या कुछ ऐसा ही हुआ था। इससे श्रीलंकाई खिलाड़ी खुश नहीं थे। फिर जब मैं बल्‍लेबाजी करने उतरा तो मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि क्या हुआ था? मुझे ओपनिंग करने के लिए कहा गया था। मैंने जाते ही मुरलीधरन को दो छक्के मारे।

'तुम लोग बेईमानी करते हो'

उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें नई बॉल से छक्के लग रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपने विरोधी टीम की प्लानिंग को बिगाड़ दिया है। इसी बीच अचानक संगकारा ने कहना शुरू कर दिया कि तुम लोग बेईमानी करते हो, तुम्हारे माता-पिता तुम्हें यह सब सिखाते हैं वगैरह-वगैरह। वह पर्सनल हो गए तो मैंने भी जवाब दिया।

दोनों माफी मांगकर खत्‍म किया विवाद

पठान ने बताया कि उस घटना के कुछ साल बाद जब वह और संगकारा दोनों ने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए ड्रेसिंग रूम शेयर किया तो उनकी अच्छी दोस्ती हो गई। इरफान ने कहा कि उन्होंने संगकारा से माफी मांगी और संगकारा ने भी ऐसा ही किया और इस वजह से दोनों ने अपने मन की बात खत्म कर ली।

उन्‍होंने बताया कि ऑक्शन के बाद मैंने देखा कि मैं पंजाब में संगकारा के साथ खेलूंगा। जब मैं उनके परिवार के साथ खाना खा रहा था और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। मैं गया और उनसे सॉरी कहा। उन्होंने भी माफी मांगी और फिर हम अच्छे दोस्त बन गए। उन्‍होंने अंत में कहा कि इमोशन बहुत ज्‍यादा होते हैं और आप हमेशा गलतियां करते हैं। यह मायने रखता है कि आप चीजों को कितनी समझदारी से संभालते हैं।