
भारत बनाम श्रीलंका XI वॉर्म अप (फोटो- BCCI)
India vs Srilanka Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले वॉर्म-अप मैच खेला गया। इस मैच में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका क्रिकेट इलेवन को 6 विकेट से हरा दिया। इस सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इसके बाद सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच की मेजबानी कोलंबो का सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान करेगा, जिसका आगाज 23 अगस्त से होना है।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने दमदार रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी। ऐसे में आइए आपको उन पांच भारतीय खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जिनके प्रदर्शन पर इस सीरीज में खासतौर पर निगाहें होंगी।
साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में देवदत्त पडिक्कल के पास टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करने का यह सुनहरा मौका होगा। वॉर्मअप मैच में 142 रनों की नाबाद पारी खेलकर पडिक्कल ने अपने इरादे पहले ही जाहिर कर दिए हैं। यही वजह है कि नंबर तीन की पोजीशन पर खेलने की तैयारी कर रहे पडिक्कल के प्रदर्शन पर हर किसी की नजरें रहेंगी।
भारतीय युवा बल्लेबाज सरफराज खान को लंबे समय के बाद टीम इंडिया में चुना गया है। उन्हें चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम में मौका मिला है। भारत के लिए सरफराज ने 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 3 अर्धशतक भी जड़े हैं। उन्होंने पिछली बार नवंबर 2024 में भारत के लिए खेला था, जहां न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रनों की शानदार पारी खेली थी। श्रीलंकाई पिचों पर गेंद जमकर स्पिन होगी और सरफराज स्पिन बखूबी खेलना जानते हैं। ऐसे में वे टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।
टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव लगातार टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं। टेस्ट में अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा की मौजूदगी के चलते कुलदीप को ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। वहीं, मानव सुथार और सारांश जैन के आने से मुकाबला और भी कड़ा हो गया है। ऐसे में प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने पर कुलदीप अपनी फिरकी का कमाल दिखाना चाहेंगे।
वॉर्मअप मैच में सिर्फ 15 गेंदों में 32 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर भारतीय टीम को जीत दिलाने वाले मोहम्मद सिराज को पिछले कुछ समय में काफी कम मौके मिले हैं। सिराज की हालिया फॉर्म भी कुछ खास नहीं रही है। हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज के पास इस सीरीज में अपनी अहमियत साबित करने का शानदार मौका होगा।
जम्मू-कश्मीर की ओर से भारतीय टेस्ट टीम में शामिल होने वाले पहले क्रिकेटर बने आकिब नबी को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में बुमराह की जगह पर मौका मिला है। आकिब को अगर प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। आकिब घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन करके टीम इंडिया में पहुंचे हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में खेले 10 मुकाबलों में 60 विकेट चटकाए थे।
Updated on:
10 Aug 2026 05:00 pm
Published on:
10 Aug 2026 03:46 pm
