
मैच के दौरान विकेट लेने की खुशी मनाती भारतीय टीम। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
India vs Sri Lanka 1st Test: भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से दोनों ही देशों के लिए ये सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है। शुभमन गिल की अगुवाई भारतीय टीम इस सीरीज में क्लीन स्वीप कर टूर्नामेंट के फाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने के इरादे से उतरेगी। ऐसे में गिल एंड कंपनी को श्रीलंकाई परिस्थितियों से पार पाते हुए सबसे पहले गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम के तिलिस्म को तोड़ना होगा, जहां भारत के खिलाफ श्रीलंका का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है।
भारतीय टीम का गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पांच बार श्रीलंका से सामना हुआ है, जिसमें से भारत को सिर्फ 2 जीत ही नसीब हुई हैं। जबकि श्रीलंका ने 3 मैचों में जीत दर्ज की है। यहां इन दोनों टीमों को कोई भी टेस्ट बेनतीजा नहीं रहा है। हालांकि मेजबान श्रीलंका पलड़ा थोड़ा भारी दिख रहा है।
बता दें कि इस मैदान पर भारतीय टीम ने अपना पहला टेस्ट मैच 14 अगस्त 2001 को खेला था। उस मुकाबले टीम इंडिया को 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। यह पहली बार था, जब भारतीय टीम को गॉल के स्पिन फ्रेंडली ट्रैक और श्रीलंकाई परिस्थितियों में भारतीय बैट्समैन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
गॉल में भारत ने पहला मुकाबला हारने के बाद आखिरकार 2008 में जीत का स्वाद चखा था। 31 जुलाई 2008 से खेले गए उस टेस्ट में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ 170 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 18 जुलाई 2010 को मेजबान टीम ने टीम इंडिया को एक बार फिर 10 विकेट से शिकस्त दे दी। जबकि 12 अगस्त 2015 से खेले गए टेस्ट में भारत को एक बार फिर से निराशा झेलनी पड़ी। उस मैच में मेजबान टीम ने 63 रन से जीत दर्ज की।
2010 और 2015 में लगातार दो हार के बाद भारत ने आखिरी टेस्ट में श्रीलंका को बुरी तरह हराया था। वह गॉल में भारत की सबसे यादगार जीत में से एक है। वह मुकाबला 26 जुलाई 2017 से खेला गया था, जिसमें भारत ने मेजबान श्रीलंका को 304 रनों के बड़े अंतर हराया था। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शुभमन गिल एंड कंपनी श्रीलंकाई परिस्थितियों में कैसा प्रदर्शन कर पाती है?
Updated on:
10 Aug 2026 08:16 pm
Published on:
10 Aug 2026 08:16 pm
