क्रिकेट

2 World Cup जिताने वाले ऑलराउंडर से गौतम गंभीर का उठा भरोसा? टी20 टीम में वापसी की राह बनाई मुश्किल?

Hardik Pandya Comeback: गौतम गंभीर ने हार्दिक पांड्या की वापसी पर बड़ा अपडेट दिया है। ये वहीं प्लेयर हैं, जिन्होंने भारत को दो बार वर्ल्ड कप जिताया है। गंभीर ने हार्दिक को लेकर कहा कि पहले उन्हें मैच प्रैक्टिस करना चाहिए। क्योंकि पांड्या अभी 10 ओवर नहीं फेंक सकते हैं।
2 min read
Sep 18, 2026
GAMBHIR
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर (सोर्स-ANI)

Hardik Pandya Comeback Latest Update: हार्दिक पांड्या की टीम इंडिया में वापसी को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने उनकी वापसी पर अहम बात कही है। गंभीर के मुताबिक, हार्दिक को पहले मैच प्रैक्टिस की जरूरत है। वह अभी 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं।

गंभीर ने यह बात अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे T20I के बाद कही। बता दें भारत ने ये मुकाबला 127 रन से जीता। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।

हार्दिक की वापसी में जल्दबाजी नहीं

गंभीर ने कहा कि हार्दिक ने IPL के बाद ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है। ऐसे में उन्हें सीधे इंटरनेशनल क्रिकेट में उतारना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट शरीर पर काफी दबाव डालता है। इसलिए हार्दिक को पहले खेलने का समय मिलना जरूरी है।

गंभीर के मुताबिक, इंडिया A सीरीज हार्दिक के लिए अहम हो सकती है। वहां उन्हें मैच खेलने का मौका मिलेगा। इससे वह अपनी लय हासिल कर सकते हैं। गंभीर ने यह भी कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहता है, तो हार्दिक T20 और वनडे टीम में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, उनकी गेंदबाजी अभी एक बड़ा सवाल है। गंभीर ने साफ कहा कि हार्दिक फिलहाल 10 ओवर नहीं डाल सकते।

नीतीश रेड्डी को मिलेगा ज्यादा मौका

हार्दिक की गैरमौजूदगी में नीतीश कुमार रेड्डी के लिए मौके बढ़ सकते हैं। गंभीर ने सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर नीतीश का समर्थन किया। उनका मानना है कि टीम को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है, जो बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकें।

नीतीश को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भी खेलने का मौका मिल सकता है। गंभीर ने कहा कि जितनी ज्यादा गेंदबाजी नीतीश करेंगे, उतना ही उनका खेल बेहतर होगा। भारत को आने वाले समय में कई अहम मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में सीम-बॉलिंग ऑलराउंडरों का तैयार रहना टीम के लिए उपयोगी हो सकता है। गंभीर ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में हार्दिक और नीतीश दोनों एक ही प्लेइंग XI का हिस्सा हो सकते हैं।

अभिषेक के शतक से भारत का अटैकिंग अंदाज

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे T20I में भारत ने शानदार बल्लेबाजी की। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 34 गेंदों पर 108 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत भारत ने 221 रन बनाए। इसके बाद रवि बिश्नोई और नीतीश रेड्डी ने तीन-तीन विकेट लिए। अफगानिस्तान की पूरी टीम 94 रन पर सिमट गई। भारत ने 127 रन से मैच जीत लिया। यह अफगानिस्तान की T20I में सबसे बड़ी हार रही।

गंभीर ने अभिषेक के शतक से ज्यादा टीम के प्रदर्शन और इम्पैक्ट पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीम का फोकस सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड पर नहीं है। पावरप्ले में भारत ने 100 रन बनाए। गंभीर ने इसे अपनी कोचिंग की बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि टीम का अटैकिंग रवैया आगे भी जारी रहेगा। गंभीर ने यहां तक कहा कि भारत अभी 300 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंचा है। ऐसे में टीम के सामने नए और बड़े लक्ष्य हैं।