18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एशियन गेम्स में भी प्लेइंग-11 से बाहर रहेंगे वैभव सूर्यवंशी? गौतम गंभीर ने अफगानिस्तान सीरीज के बाद दिया संकेत

Asian Games 2026 में वैभव सूर्यवंशी को भारतीय प्लेइंग-11 में मौका मिलेगा या नहीं? गौतम गंभीर ने अफगानिस्तान सीरीज के बाद युवा बल्लेबाज के चयन को लेकर अहम संकेत दिए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
2 min read
Google source verification
vaibhav suryavanshi and gautam gambhir.

वैभव सूर्यवंशी और कोच गौतम गंभीर। (Photo- IANS)

Gautam gambhir on Vaibhav Suryavanshi and Sanju Samson: भारत ने तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में अफगानिस्तान को 3-0 से हराया और आगामी एशियन गेम्स मुकाबलों को लेकर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। हालांकि, भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई इस सीरीज में सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को लेकर रही। क्रिकेट प्रशंसक और विशेषज्ञ दोनों खिलाड़ियों को प्लेइंग-11 में शामिल किए जाने को लेकर बंटे हुए नजर आए। हालांकि, सीरीज की समाप्ति के साथ ही भारतीय कोच गौतम गंभीर ने इसको लेकर स्पष्ट संकेत दे दिए हैं।

वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोले गौतम गंभीर?

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत की 127 रन की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर ने कहा कि जब सूर्यवंशी को मौका मिलेगा, तो उन्हें लंबा मौका दिया जाएगा।

गंभीर ने कहा, 'वैभव के मामले में यह बिल्कुल स्पष्ट बातचीत थी कि उसे अपने मौके का इंतजार करना होगा। हम जानते हैं कि उसमें किस तरह की प्रतिभा है और वह क्या कर सकता है, लेकिन जो खिलाड़ी पिछले 2-3 वर्षों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, वह उस खिलाड़ी से हमेशा आगे रहेगा, जिसने अभी टीम में प्रवेश किया है। जब उसे मौका मिलेगा, तो उसे भी लंबा मौका दिया जाएगा। भारतीय क्रिकेट में हम ड्रेसिंग रूम में प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा चाहते हैं, लेकिन क्रिकेट इसी तरह चलता है। चाहे आप 15 साल के हों या 30 साल के, जब आपको अपने मौके का इंतजार करना हो, तो इंतजार करना ही पड़ता है।' गौतम गंभीर के इस बयान को आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिहाज से देखा जाए तो वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर बैठना पड़ सकता है।

कोच ने संजू सैमसन के चयन का किया बचाव

वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों टी-20 इंटरनेशनल मैचों की प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली। उनकी जगह संजू सैमसन ने पूरी सीरीज में विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभाई। गौतम गंभीर ने संजू सैमसन के चयन का बचाव करते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और पिछला प्रदर्शन टीम में जगह पाने के लिए पर्याप्त है। संजू सैमसन ने सीरीज के निर्णायक मुकाबले में अर्धशतक लगाया। इससे पहले उन्होंने दूसरे मैच में भी अर्धशतक जड़ा था।

वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी घरेलू वनडे सीरीज को लेकर गौतम गंभीर ने कहा कि एशियन गेम्स के कार्यक्रम का टीम चयन पर असर पड़ा है। हालांकि, इससे जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी और पंजाब के बल्लेबाज नमन धीर जैसे युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में शुरू होगी।