
इंग्लैंड। क्रिकेट के मैदान में एक साथ दो अजूबे देखने को मिले हैं। स्कॉटलैंड के खिलाड़ी जार्ज मुंसे ने अपना नाम क्रिकेट इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज करवा लिया है। जार्ज ने ग्लोसेस्टरशायर सेकेंड इलेवन टीम की ओर से खेलते हुए एक ही मैच में कई रिकॉर्ड बना डाले। जार्ज ने न सिर्फ 25 गेंदों में शतक ठोक दिया बल्कि एक ओवर में छह छक्के भी उड़ा दिया।
यह मैच अनाधिकारिक टी-20 मैच था जिसमें ग्लोसेस्टरशायर सकेंड इलेवन और बाथ सीसी की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में जार्ज ने मात्र 39 गेंदों में 147 रनों की लाजवाब पारी खेली। इस मैच में उन्होंने चौके तो केवल 5 ही जमाए लेकिन छक्के 20 उड़ा दिए। जार्ज जब तक मैदान में बल्लेबाज़ करते हुए विपक्षी खिलाड़ी बस प्रतिमा बनकर उन्हें देखते रहे।
साथी खिलाड़ी ने भी जमाया तेज शतकः
कहते हैं खरबूजे को देखकर खरबूजा रंग बदलता है। ऐसा ही देखने को मिला इस मैच में भी। एक तरफ जार्ज ने तो रिकॉर्डतोड़ शतक जमाया ही उनके साथी खिलाड़ी जीपी विलोज ने भी 53 गेंदों में ही शतक जमा दिया। जार्ज और विलोज की शानदार पारियों की बदौलत उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 326/3 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया।
पहले पचास 17 गेंदों में और अगले सिर्फ 8 गेंदों मेंः
जार्ज ने मैदान में उतरते ही सीधे ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी शुरू कर दी। उन्होंने महज 17 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके बाद तो उनकी रफ्तार और तेज हो गई। अगले पचास मतलब शतक पूरा करने के लिए उन्होंने केवल आठ गेंदें ही खेली और इसी दौरान उन्होंने एक ओवर में छह छक्के लगाने का कारनामा भी अंजाम दिया।
खेल समाचार ( Sports News )से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं क्रिकेट समाचार ( Cricket News ), फुटबॉल, हॉकी, टेनिस के हर अपडेट. IPL 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE IPL 2019 Match Score अपडेट तथा IPL Match Schedule के लिए Download करें patrika Hindi News App.