
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली। (Photo Credit - IANS)
Rohit Sharma-Virat Kohli Next Match: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से हार के बाद अब भारतीय वनडे टीम लगभग दो महीने तक कोई मुकाबला नहीं खेलेगी। ऐसे में क्रिकेट फैंस को रोहित शर्मा और विराट कोहली के मैचों का बेसब्री से इंतजार रहेगा। दोनों खिलाड़ी अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं और 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। ऐसे में वे वर्ल्ड कप से पहले बचे हुए ज्यादा से ज्यादा वनडे मुकाबले खेलकर अपनी तैयारियों को और बेहतर करना चाहेंगे।
टीम इंडिया अब अपनी अगली वनडे सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां नवंबर में पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद दिसंबर में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी, जबकि जनवरी 2027 में टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने जाएगी।
इस साल भारत को अब भी 11 वनडे मुकाबले खेलने हैं। हालांकि, इस दौरान अफगानिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज के शेड्यूल का भी ऐलान हो सकता है, लेकिन फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है। दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच चर्चा जारी है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में मैदान पर उतर सकते हैं, जहां भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में सीरीज का दूसरा और न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में तीसरा मुकाबला खेला जाएगा।
नवंबर में जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, तब ऑकलैंड में पहला, वेलिंगटन में दूसरा, हैमिल्टन में तीसरा, माउंट माउंगानुई में चौथा और इसी मैदान पर पांचवां मुकाबला खेला जाएगा। श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम अपना पहला वनडे मुकाबला 13 दिसंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेलेगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम और तीसरा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
जिंबॉब्वे के खिलाफ भारतीय टीम पहला वनडे कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलेगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और तीसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
Updated on:
28 Jul 2026 12:01 pm
Published on:
28 Jul 2026 12:01 pm
