28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

WI vs PAK 1st Test: वेस्टइंडीज के गेंदबाज ने किया अनोखा कारनामा, पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 5 मेडन ओवर डाल झटके 5 विकेट

PAK vs WI 1st Test Justin Greaves World Record: वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में इतिहास रच दिया। उन्होंने पाकिस्तान की पहली पारी के आखिरी पांच ओवर मेडन फेंकते हुए बिना कोई रन दिए पांच विकेट झटके और अपने टेस्ट करियर का पहला 5 विकेट हॉल पूरा किया।
2 min read
Google source verification
Justin Greaves, Pakistan vs West Indies

जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में इतिहास रच दिया (फोटो- विंडीज क्रिकेट)

Justin Greaves First Five Wicket Hall: त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज (West Indies vs Pakistan) के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में एक अनोखा कारनामा देखने को मिला। वेस्टइंडीज के मीडियम पेस ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान की पहली पारी के आखिरी पांच ओवरों में बिना कोई रन दिए 5 विकेट झटक लिए।

लगातार 5 मेडन और 5 विकेट

ग्रीव्स ने 64वें से 72वें ओवर के बीच गेंदबाजी करते हुए लगातार पांच मेडन ओवर डाले और पाकिस्तान के शान मसूद, आमिर जमाल, अली उस्मान, मोहम्मद रिजवान और अब्बास अफरीदी को पवेलियन भेजा। यह उनके टेस्ट करियर का पहला 5 विकेट हॉल है। साथ ही ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी स्टेडियम में टेस्ट क्रिकेट में यह पहली बार हुआ है कि किसी गेंदबाज ने बिना रन दिए पांच विकेट लिए हों।

वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की पहली पारी 282 रन पर सिमट गई। कप्तान शान मसूद ने शानदार 109 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि इमाम-उल-हक ने 63 रन बनाए। इसके बाद पाकिस्तान के आखिरी छह बल्लेबाज मिलकर सिर्फ 36 रन ही जोड़ सके। मोहम्मद रिजवान ने 12 रन, खुर्रम शहजाद ने 19 रन बनाए, जबकि मोहम्मद अब्बास खाता खोले बिना आउट हो गए। बाबर आजम ने 23 रन का योगदान दिया।

वेस्टइंडीज की ओर से जस्टिन ग्रीव्स ने 11 ओवर में 6 मेडन डालते हुए 27 रन देकर 5 विकेट लिए। खास बात यह रही कि उनके आखिरी पांचों ओवर मेडन रहे। इसके अलावा शमार जोसेफ और केमार रोच ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जेडन सील्स को एक सफलता मिली।

वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में बनाई बढ़त

दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज ने 7 विकेट पर 126 रन बना लिए थे। केमार रोच 5 और शमार जोसेफ 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। वेस्टइंडीज की कुल बढ़त 155 रन हो चुकी है।

कौन हैं जस्टिन ग्रीव्स?

जस्टिन ग्रीव्स वेस्टइंडीज के मीडियम पेस ऑलराउंडर हैं। उन्होंने 2022 में वनडे, जबकि 2024 में टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वह वेस्टइंडीज के लिए 17 टेस्ट, 24 वनडे और 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। ग्रीव्स ने टेस्ट क्रिकेट में 41 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी में उनके नाम 930 रन दर्ज हैं, जिसमें 3 शतक और 1 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे क्रिकेट में वह 506 रन बना चुके हैं। यह उनके अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर का पहला 5 विकेट हॉल है।