क्रिकेट

रॉबिन्सन के सपोर्ट में उतरे वेस्टंडीज के पूर्व गेंदबाज होल्डिंग, कहा-मिलना चाहिए दूसरा मौका

होल्डिंग ने कहा कि यह आठ-नौ साल पहले हआ था। क्या ईसीबी इसका पता लगा सकता है कि रॉबिन्सन उसके बाद भी इस तरह का व्यवहार करते रहे, उसी तरह की बातें ट्वीट करते रहे।
2 min read
• •
Updated: 9 Jun 2021, 3:00 PM IST
robinson_and_holding.png

वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज माइकल होल्डिंग ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से कहा है कि तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने अगर पिछले आठ साल के दौरान नस्लभेदी और लिंदभेद जैसी टिप्पणी नहीं की है, तो बोर्ड को उन पर लगे आरोपों को उदार नजरिए से देखना चाहिए। ईसीबी ने नस्लभेदी और लिंदभेद जैसी टिप्पणी के आठ साल पुराने मामले में हाल ही में 27 साल के रॉबिन्सन को निलंबित कर दिया था। होल्डिंग ने एक मीडिया हाउस से कहा कि यह आठ-नौ साल पहले हआ था। क्या ईसीबी इसका पता लगा सकता है कि रॉबिन्सन उसके बाद भी इस तरह का व्यवहार करते रहे, उसी तरह की बातें ट्वीट करते रहे।

जैसे—जैसे जीवन गुजारते है, आप सीखते हैं
साथ ही माइकल होल्डिंग ने कहा,'जब मैं जवान था तो मैंने बहुत बकवास किया। जैसे-जैसे आप जीवन से गुजरते हैं, आप सीखते हैं, आप पहचानते हैं। शायद मैंने जो 18 साल पहले किया था वह अब लागू नहीं होता, मैं अब ऐसा व्यवहार नहीं कर सकता।' साथ ही उन्होंने कहा कि इसलिए, अगर उन्होंने नौ साल पहले कुछ ऐसा किया है और तब से उन्होंने सीखा है और ऐसा कुछ नहीं किया है और पिछले 2-3 वर्षों में अपने तरीके बदले हैं, तो मुझे नहीं लगता कि आपको उन्हें अधिक सजा मिलना चाहिए। होल्डिंग ने कहा,'हां, उन्हें निलंबित करें क्योंकि आप जांच करना चाहते हैं। लेकिन आप (जांच) जल्दी करें, जल्दी से इसे खत्म करें।'

दूसरे टेस्ट के लिए नहीं रहेंगे उपलब्ध
पुराने विवादित ट्वीट को लेकर ईसीबी ने ओली रॉबिन्सन को इंटरनेशनल क्रिकेट से निलंबित करने के बाद ईसीबी ने इस संबंध में एक बयान जारी करते हुए कहा,'इंग्लैंड एवं ससेक्स के बॉलर ओली रॉबिन्सन को इंटरनेशनल क्रिकेट से निलंबित किया जाता है। यह फैसला 2012 और 2013 में किए गए उनके एक ट्वीट को लेकर कराए गए अनुशासनात्मक जांच के बाद लिया गया है।' ईसीबी ने कहा कि अब रॉबिन्सन न्यूजीलैंड के साथ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।

पहले टेस्ट में किया अच्छा प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 27 साल के ओली रॉबिन्सन ने लॉडर्स में अच्छा प्रदर्शन किया। ओली ने पहले टेस्ट मैच में सात विकेट हासिल किए। दोनों टीमों के बीच यह मैच ड्रॉ रहा। वहीं रॉबिन्सन ने इस मैच में 42 रन भी बनाए थे। वहीं इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने ड्रॉ टेस्ट में रॉबिन्सन के ऑन-फील्ड प्रदर्शन के लिए उनकी सराहना की। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूट ने कहा कि रॉबिन्सन ने बल्ले से अच्छा योगदान दिया है और गेंद के साथ भी उनका प्रदर्शन शानदार था।

Published on: