
IND vs NZ T20 Series 2026: न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। सीरीज में 341 रन बनाकर उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया और एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। आखिरी मैच में भी उन्होंने नाबाद 65 रन की पारी खेली। मैच के बाद उन्होंने इस सीरीज में अपनी सफलता का राज़ खोला, साथ ही ये भी बताया कि उन्होंन वरुण चक्रवर्ती को क्यों टारगेट बनाया।
फिलिप्स ने भारत के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में एक शतक और तीन अर्धशतकीय पारियों की बदौलत कुल 341 रन बनाए। ये किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक टी20 सीरीज में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में फिल सॉल्ट द्वारा बनाए गए 331 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने जाने के बाद कीवी खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा कि उनका पूरा ध्यान 'शिकारी' बनने पर था, न कि 'शिकार' बनने पर।
फिलिप्स ने कहा, "जब आप मैदान पर स्पष्ट सोच के साथ उतरते हैं और हर गेंद को उसकी खूबी के हिसाब से खेलने की कोशिश करते हैं, तो यही होता है। आपने जैसा कहा कि मैदान पर जाकर 'शिकारी' बनने की कोशिश करना, न कि 'शिकार' बनने की।" फिलिप्स ने भारत के मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और उनकी 12 गेंदों पर 27 रन बनाए। उन्होंने बताया कि भारत ने पहली पारी में कीवी स्पिनरों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था, इसलिए उन्होंने चक्रवर्ती को निशाना बनाने का प्लान बनाया।
फिलिप्स ने कहा, "मुझे लगता है कि आज यह समझना जरूरी था कि स्पिन गेंदबाजी का सामना कैसे करना है और उन पर हावी कैसे होना है। हमने देखा कि भारतीय खिलाड़ियों ने हमारे खिलाफ ऐसा ही किया और वे इसमें बहुत सफल रहे। जब चक्रवर्ती दोबारा गेंदबाजी करने आए, तो वह एक निर्णायक ओवर था। हम या तो खेल में आगे निकल जाते या फिर वह कई विकेट चटका देते। मुझे लगता है कि जोखिम उठाना और उस मुकाबले का सामना करना सही फैसला था।"